महाराष्ट्र राज्य सहकारी साखर कारखाना महासंघ ने एथेनॉल मिश्रण नीति का किया समर्थन, कहा— इससे किसानों को बड़ा लाभ

मुंबई : महाराष्ट्र राज्य सहकारी साखर कारखाना महासंघ ने केंद्र सरकार की एथेनॉल मिश्रण (ईबीपी) नीति का जोरदार समर्थन करते हुए कहा कि, इस नीति ने चीनी उद्योग को मजबूत किया है, गन्ना किसानों की आय बढ़ाई है और ग्रामीण क्षेत्रों में औद्योगिकीकरण को गति दी है। महासंघ के अध्यक्ष पी. आर. पाटिल और निदेशक जयप्रकाश दांडेगांवकर ने कहा कि, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम का स्वागत किया जाना चाहिए क्योंकि यह सीधे तौर पर गन्ना किसानों के हित में है। उन्होंने आरोप लगाया कि, इस नीति को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश की जा रही है, जिससे इसके वास्तविक लाभों से लोगों का ध्यान भटक रहा है।

महासंघ ने स्पष्ट किया कि, राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को किसी भी स्थिति में बाधित नहीं किया जाना चाहिए और केंद्र सरकार की नीति को निरंतर लागू रखा जाना चाहिए। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि, सरकार द्वारा गन्ने के रस और बी-हेवी शीरे (मोलासेस) से एथेनॉल उत्पादन की अनुमति देने के निर्णय से चीनी का अतिरिक्त भंडार कम हुआ है और चीनी मिलों की वित्तीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। महासंघ के अनुसार, एथेनॉल क्षेत्र में लगभग 75,000 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जिससे करीब 2,000 करोड़ लीटर स्थापित एथेनॉल उत्पादन क्षमता विकसित हुई है और अनुमानित 12 से 13 लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न हुए हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

महासंघ ने कहा कि, एथेनॉल से प्राप्त अतिरिक्त आय के कारण चीनी मिलें गन्ना किसानों को उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) का भुगतान समय पर कर पा रही हैं। इससे किसान केवल खाद्यान्न उत्पादक ही नहीं, बल्कि ऊर्जा उत्पादक के रूप में भी उभरे हैं। महासंघ ने यह भी उल्लेख किया कि, भारत ने E20 पेट्रोल मिश्रण लक्ष्य मूल रूप से निर्धारित 2030 की समयसीमा से काफी पहले, वर्ष 2023 में ही हासिल कर लिया, जो एथेनॉल नीति की बड़ी सफलता है। E20 ईंधन के उपयोग को लेकर उठ रही चिंताओं पर महासंघ ने स्वीकार किया कि कुछ वाहन मालिकों ने कुछ समस्याओं का अनुभव किया है। हालांकि, महासंघ का कहना है कि ये समस्याएं व्यापक स्तर पर नहीं हैं और तकनीकी चर्चा तथा उचित समाधान के माध्यम से इनका प्रभावी निराकरण किया जा सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here