महाराष्ट्र : सस्ते दाम पर चीनी दिलाने के नाम पर व्यापारी से 9.16 करोड़ रुपये की ठगी

सांगली : चीनी मिल से सस्ती दरों पर चीनी उपलब्ध कराने का लालच देकर और फर्जी ई-वे बिल तथा जीएसटी बिलों का उपयोग कर एक व्यापारी से 9 करोड़ 16 लाख 25 हजार 99 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में सांगली जिले के विटा पुलिस थाने में व्यापारी आशीष आनंदराव पाटील की शिकायत पर चार लोगों सहित एक चीनी मिल के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, तासगांव तालुका के दीपक नेताजीराव मोरे, राजीव नेताजीराव मोरे (दोनों निवासी बिरणवाडी), अक्षय अनिल पाटील (निवासी वायफळे) तथा पलूस तालुका के अभिजीत हनुमंत माने (निवासी धनगांव) के साथ-साथ सोलापुर जिले में स्थित संबंधित मिल अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत के अनुसार, विटा में आशीष पाटील और विशाल बाबासाहेब पाटील की साझेदारी वाली ‘अन्नपूर्णा ट्रेडिंग’ नामक फर्म दिसंबर 2021 से चीनी खरीद-बिक्री का कारोबार कर रही थी। इस व्यवसाय के लिए आशीष पाटील ने कृष्ण रत्न सेल्स एंड कॉर्पोरेशन तथा फार्मड्रीम एग्रो सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियों के साथ व्यापारिक लेन-देन किया था।आरोप है कि दीपक मोरे, राजीव मोरे और अक्षय पाटील ने आशीष पाटील को सोलापुर जिले की एक सहकारी चीनी मिल से टेंडर दरों से कम कीमत पर चीनी उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस आश्वासन पर विश्वास कर आशीष पाटील ने समय-समय पर बैंक खातों के माध्यम से बड़ी रकम आरोपियों के खातों में जमा कर दी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हालांकि, चीनी की वास्तविक आपूर्ति किए बिना आरोपियों ने मिल से जुड़े कुछ लोगों की मिलीभगत से फर्जी ई-वे बिल और जीएसटी बिल तैयार किए। कागजों पर चीनी की डिलीवरी दिखाकर व्यापारी से करोड़ों रुपये की ठगी की गई।शिकायत में यह भी कहा गया है कि, आरोपियों ने रकम लौटाने के आश्वासन के साथ कई बार अनुबंध पत्र और प्रॉमिसरी नोट दिए। लेकिन जब भुगतान के लिए दिए गए चेक बैंक में जमा किए गए, तो वे बाउंस हो गए। आरोप है कि, जब आशीष पाटील ने चेक बाउंस होने के बारे में सवाल किया, तो उन्हें झूठे अत्याचार (एट्रोसिटी) और रंगदारी के मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धमकी देने जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here