कोल्हापुर : देश में चीनी की कमी और खुदरा बाजार में बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार इस वर्ष गन्ना पेराई सीजन 15 अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी में है। आगामी पेराई सीजन की पृष्ठभूमि में ‘चीनीमंडी’ ने किसानों, किसान संगठनों, चीनी मिलर्स और प्रशासन की भूमिका जानने का प्रयास किया। ‘चीनीमंडी’ से बातचीत में चीनी मिलर्स और किसान संगठनों के नेताओं ने आशंका जताई कि, नवंबर से पहले पेराई सीजन शुरू करने पर रिकवरी में कमी आ सकती है। इससे चीनी मिलों और किसानों दोनों को प्रति टन लगभग 700 से 900 रुपये तक का नुकसान होने की संभावना है। इसके अलावा गन्ना कटाई मजदूरों की उपलब्धता भी एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रही है।
यदि पेराई सीजन समय से पहले शुरू किया जाता है तो किसानों और चीनी मिलों को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान की भरपाई सरकार करेगी या नहीं? इसके लिए सरकार क्या कदम उठाएगी? यह सवाल महाराष्ट्र के चीनी मिलर्स और किसान संगठनों की ओर से उठाया जा रहा है। राज्य में पेराई सीजन शुरू करने को लेकर अंतिम फैसला लेने के लिए बुधवार को मंत्रालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ कृषि, सहकारिता और पेराई सीजन से जुड़े विभागों के मंत्री तथा राज्य की विभिन्न चीनी मिल संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि उपभोक्ताओं को राहत देने के प्रयास में किसानों और चीनी उद्योग को आर्थिक नुकसान न हो।
किसानों को प्रति टन 700 रुपये नुकसान की आशंका : पूर्व सांसद राजू शेट्टी
स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी के अनुसार, गन्ना पेराई सीजन जल्द शुरू होने पर रिकवरी में लगभग 1 से 1.5 प्रतिशत की कमी आने की संभावना है। वर्तमान चीनी बाजार भाव को देखते हुए किसानों को प्रति टन करीब 700 रुपये का नुकसान हो सकता है। इस वर्ष रिकवरी कम रहने पर किसानों को इसका आर्थिक नुकसान अगले वर्ष एफआरपी तय होने के दौरान भी उठाना पड़ सकता है। शेट्टी ने कहा कि, यदि सरकार चीनी की कीमतों को कम करने के लिए शुल्क-मुक्त आयात का फैसला कर सकती है, तो सरकार के लिए नुकसान उठाकर जल्द गन्ना पेराई के लिए उपलब्ध कराने वाले किसानों की मदद करना भी जरूरी है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर आर्थिक भार उठाना चाहिए, ऐसा विकल्प शेट्टी ने सुझाया। उन्होंने यह भी कहा कि, जल्द पेराई शुरू होने से चीनी का कुल उत्पादन घटने की संभावना है और इसके चलते कुछ महीनों बाद फिर से देश में चीनी की कमी पैदा हो सकती है।शेट्टी ने कहा कि, पेराई सीजन जल्द शुरू करने के बजाय सरकार को उन चीनी मिलों द्वारा रिकवरी में कथित हेराफेरी कर उत्पादित की गई लाखों टन चीनी को बाजार में लाने के प्रयास करने चाहिए।
मंत्री प्रल्हाद जोशी के हुबली स्थित आवास के बाहर 29 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना
‘चीनीमंडी’ से बातचीत में शेट्टी ने कहा की, केंद्र सरकार चीनी का न्यूनतम आधार मूल्य 50 रुपये प्रति किलो (5,000 रुपये प्रति क्विंटल) करे और एथेनॉल का मूल्य 70 रुपये प्रति लीटर किया जाए और इसका का सीधा लाभ देश के करोड़ों गन्ना किसानों को मिलना चाहिए। इन प्रमुख मांगों को लेकर महाराष्ट्र और कर्नाटक दोनों राज्यों के लाखों गन्ना उत्पादक किसान केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रल्हाद जोशी के कर्नाटक के हुबली स्थित आवास के बाहर 29 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि, 29 सितंबर को हुबली में होने वाले धरना आंदोलन से पहले केंद्र सरकार को महाराष्ट्र और कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों तथा किसान संगठनों की तत्काल संयुक्त बैठक बुलानी चाहिए। इस बैठक में चीनी उद्योग, किसानों और उपभोक्ताओं—तीनों के हित में निर्णय लिया जाना चाहिए।जब तक गन्ने के उचित और सम्मानजनक मूल्य को लेकर समाधान नहीं निकलता, तब तक दोनों राज्यों की एक भी चीनी मिल शुरू नहीं होने दी जाएगी, ऐसी चेतावनी भी शेट्टी ने दी।
पेराई सीजन जल्द शुरू होने पर किसान और मिल दोनों प्रभावित होंगे : बी.बी. ठोंबरे
वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (विस्मा) के अध्यक्ष बी.बी. ठोंबरे ने कहा कि, अक्टूबर में पेराई शुरू करने पर गन्ना अपरिपक्व रहने के कारण उसमें चीनी की मात्रा यानी रिकवरी में 1 से 1.5 प्रतिशत की कमी आने का अनुमान है।इसका सीधा असर चीनी उत्पादन पर पड़ेगा और चीनी मिलों को प्रति टन 450 से 500 रुपये तक का नुकसान हो सकता है। दूसरी ओर, गन्ने की पर्याप्त वृद्धि नहीं होने के कारण उसके वजन में भी 10 से 12 प्रतिशत की कमी आने की संभावना है। इससे किसानों को प्रति टन करीब 300 से 350 रुपये का आर्थिक नुकसान हो सकता है।उन्होंने कहा, इससे चीनी उत्पादन घटेगा और किसान तथा चीनी मिलें दोनों प्रभावित होंगी। सरकार को चीनी मिलों को प्रति टन 450 से 500 रुपये और किसानों को 300 से 350 रुपये की सब्सिडी देनी चाहिए।उन्होंने कहा कि, हमने केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष अपनी भूमिका स्पष्ट कर दी है। सरकार को सभी संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श करने के बाद निर्णय लेना चाहिए।
राज्य सरकार के फैसले को लागू करेंगे : चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते
चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने बताया की, चीनी आयुक्त कार्यालय ने आगामी पेराई सीजन के लिए लाइसेंस प्रक्रिया शुरू कर दी है।पेराई लाइसेंस प्राप्त करने के लिए चीनी मिलों को 1 सितंबर से 30 सितंबर के बीच ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। लाइसेंस के लिए संबंधित चीनी मिलों द्वारा पिछले सीजन की एफआरपी की 100 प्रतिशत राशि का भुगतान किया जाना भी अनिवार्य है।समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन नहीं करने, लाइसेंस के बिना गन्ना पेराई शुरू करने या लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने जैसी घटनाएं सामने आने पर संबंधित चीनी मिलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि, पेराई सीजन को लेकर राज्य सरकार जो निर्णय लेगी, उसका कड़ाई से पालन किया जाएगा।
राज्य की 32 चीनी मिलों के पास 201 करोड़ रुपये एफआरपी बकाया
आगामी पेराई सीजन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है, लेकिन राज्य की कई चीनी मिलों ने पिछले सीजन का किसानों का करोड़ों रुपये का गन्ना भुगतान अभी तक नहीं किया है।पिछले पेराई सीजन में राज्य की 210 चीनी मिलें शामिल हुई थीं। इनमें से कुछ चीनी मिलें बंद हुए करीब सात महीने का समय बीत चुका है। मिलें बंद होने के बाद से गन्ना उत्पादक किसान अपने बकाया भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।31 अगस्त 2026 तक राज्य की 32 चीनी मिलों पर किसानों की पिछले सीजन की 201 करोड़ रुपये की एफआरपी राशि बकाया है।एफआरपी बकाया रखने वाली 15 चीनी मिलों के खिलाफ चीनी आयुक्तालय ने आरआरसी कार्रवाई की है। चीनी आयुक्त कार्यालय ने स्पष्ट रुख अपनाया है कि जिन चीनी मिलों पर एफआरपी बकाया है, उन्हें आगामी पेराई सीजन के लिए लाइसेंस नहीं दिया जाएगा।


















