मलेशिया : एमएसएम चीनी रिफाइनरी अगले 15 वर्षों तक जारी रखेगी परिचालन, नए लीज समझौते को जल्द मिलेगी मंजूरी

बटरवर्थ: मलेशिया की एमएसएम मलेशिया होल्डिंग्स बरहाद (MSM Malaysia Holdings Berhad) की प्राई स्थित चीनी रिफाइनरी अगले 15 वर्षों तक रेलवे एसेट कॉरपोरेशन (RAC) की जमीन पर अपना परिचालन जारी रखेगी। मलेशिया-चाइना इनसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, इस संबंध में नए 15 वर्षीय लीज समझौते को जल्द ही औपचारिक रूप दिया जाएगा। 1964 में स्थापित एमएसएम प्राई रिफाइनरी मलेशिया के चीनी उद्योग की एक प्रमुख इकाई है। बंदरगाह और रेलवे नेटवर्क के नजदीक स्थित होने के कारण कंपनी को कच्चे माल की ढुलाई, तैयार उत्पादों के परिवहन और वितरण में महत्वपूर्ण लाभ मिलता है।

रेलवे एसेट कॉरपोरेशन (RAC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दातुक अजर अहमद ने कहा कि रिफाइनरी पर कम्पुंग मनीस पुनर्विकास परियोजना का कोई असर नहीं पड़ेगा और इसका परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि संबंधित पक्ष जल्द ही नए 15 वर्षीय लीज समझौते को औपचारिक रूप देंगे। अहमद बटरवर्थ में आयोजित एक समारोह के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस समारोह में रुमाह मुतियाराकू (RMKu) आवास योजना के लाभार्थियों को आशय पत्रों पर हस्ताक्षर और उनका वितरण किया गया। यह पहल कम्पुंग मनीस के निवासियों को दूसरी जगह बसाने और क्षेत्र के पुनर्विकास का रास्ता तैयार करने की योजना का हिस्सा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कम्पुंग मनीस पुनर्विकास परियोजना के तहत होगा क्षेत्र का विकास

कम्पुंग मनीस परियोजना रेलवे एसेट कॉरपोरेशन की 1.61 हेक्टेयर जमीन पर फैली हुई है। इसमें बंदर प्राई के लॉट नंबर 286, 65 और 67 के कुछ हिस्से शामिल हैं। इस परियोजना के तहत क्षेत्र में रहने वाले निवासियों को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाना है। रिफाइनरी की लीज अवधि बढ़ाने का फैसला इससे पहले हुई चर्चाओं के बाद सामने आया है। परिवहन मंत्रालय (MOT) ने पहले संकेत दिया था कि पुनर्विकास परियोजना को ध्यान में रखते हुए एमएसएम के लीज विस्तार के अनुरोध को विचार के लिए मंत्रिमंडल के सामने रखा जाएगा।

फेल्डा ने 30 साल के लीज विस्तार की मांग की थी

इससे पहले, फेडरल लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (FELDA) ने पेनांग राज्य सरकार और रेलवे एसेट कॉरपोरेशन से रिफाइनरी की जमीन की लीज अवधि 30 साल बढ़ाने पर विचार करने का आग्रह किया था। फेल्डा के पूर्व अध्यक्ष दातुक सेरी अहमद शबेरी चीक ने मलेशिया के चीनी उद्योग के लिए इस रिफाइनरी के रणनीतिक महत्व पर जोर दिया था। उन्होंने कहा था कि बंदरगाह और रेलवे नेटवर्क के पास स्थित होने के कारण कच्चे माल को रिफाइनरी तक पहुंचाने और तैयार चीनी को बाजारों में भेजने में सुविधा मिलती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here