पेटालिंग जया: भारत द्वारा हाल ही में चीनी निर्यात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद मलेशिया में चीनी की आपूर्ति फिलहाल सुरक्षित बनी हुई है। यह दावा देश की प्रमुख रिफाइंड चीनी उत्पादक कंपनी एमएसएम मलेशिया होल्डिंग्स बीएचडी ने किया है।कंपनी की समूह मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. माजातुल आइनी शाहर अब्दुल मलेक शाहर ने कहा कि, भारत के निर्यात प्रतिबंध के बाद भी कच्ची चीनी की आपूर्ति सुनिश्चित करने में कंपनी को कोई बड़ी समस्या नहीं आई है।
उन्होंने बताया कि, कंपनी अपनी अधिकांश कच्ची चीनी भारत के बजाय ब्राजील और थाईलैंड जैसे देशों से आयात करती है। इसके साथ ही वैश्विक बाजार में मौजूदा अतिरिक्त आपूर्ति अगले छह से नौ महीनों तक स्थिर सप्लाई बनाए रखने में मददगार होगी। माजातुल ने कहा कि, विभिन्न देशों से खरीद और सप्लाई की अग्रिम योजना के कारण आपूर्ति व्यवस्था फिलहाल पूरी तरह स्थिर बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि, भारत का यह फैसला स्थानीय उद्योगों के लिए एक संकेत है कि उन्हें किसी एक देश पर निर्भरता कम करनी चाहिए।
उनके अनुसार, भारत के कदम ने वैश्विक खाद्य आपूर्ति की संवेदनशीलता को उजागर किया है, लेकिन मलेशिया मौजूदा व्यापारिक व्यवस्था और वैश्विक अतिरिक्त आपूर्ति के कारण बेहतर स्थिति में है और इससे कीमतों के लिहाज से फायदा भी मिल सकता है। गौरतलब है कि, भारत ने 13 मई को घरेलू आपूर्ति सुरक्षित रखने और स्थानीय कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सितंबर के अंत तक सभी चीनी निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी।
मलेशियन बेकरी, बिस्किट, कन्फेक्शनरी, मी और कुए तेओ मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चांग टक चियोंग ने कहा कि, स्थानीय खाद्य निर्माता और व्यापारी अभी तक इस प्रतिबंध का कोई बड़ा असर महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि, मलेशिया में इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर चीनी थाईलैंड, ब्राजील और इंडोनेशिया से आयात की जाती है, इसलिए बाजार प्रभावित नहीं हुआ है। फिलहाल चीनी की कीमत लगभग 200 रिंगिट प्रति 50 किलोग्राम बनी हुई है।चांग ने कहा कि, बड़े पैमाने पर चीनी इस्तेमाल करने वाले उद्योगों को भी फिलहाल किसी गंभीर आपूर्ति संकट का सामना नहीं करना पड़ रहा है। हालांकि यदि आयात लागत बढ़ती है, तो कंपनियां उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालने पर विचार कर सकती हैं।


















