नई दिल्ली : सरकार ने कहा कि, वाहन के माइलेज में कमी के लिए केवल ईंधन को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। E20 पेट्रोल लागू होने के बाद ईंधन की कम माइलेज को लेकर उपभोक्ताओं की चिंताएं बढ़ रही हैं। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने इस संबंध में स्पष्टीकरण दिया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि, वाहन का माइलेज कई कारकों पर निर्भर करता है। इनमें ड्राइविंग का तरीका, ट्रैफिक की स्थिति, वाहन का रखरखाव, टायरों में हवा का दबाव और एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल शामिल हैं।
मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, माइलेज केवल ईंधन पर निर्भर नहीं करता।मंत्रालय ने यह भी कहा कि, E20 पेट्रोल का व्यापक स्तर पर परीक्षण और सत्यापन किया गया है। सरकार का यह स्पष्टीकरण ऐसे समय आया है जब 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ रही हैं। कई वाहन मालिकों का कहना है कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से माइलेज कम हो सकता है और वाहन चलाने की लागत बढ़ सकती है। सरकार पहले भी स्वीकार कर चुकी है कि, कुछ वाहनों में E20 पेट्रोल पर जाने के बाद ईंधन दक्षता में 3-5 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। हालांकि, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि वास्तविक प्रभाव वाहन के प्रकार और उसके इस्तेमाल की परिस्थितियों पर निर्भर करता है।
एथेनॉल मिश्रण से सरकार को क्या फायदा?
पेट्रोलियम मंत्रालय ने एथेनॉल मिश्रण के व्यापक लाभों को भी दोहराया। सरकार के अनुसार, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम ने अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के प्रति भारत की निर्भरता कम करने और वैश्विक तेल कीमतों में बढ़ोतरी के घरेलू पेट्रोल कीमतों पर प्रभाव को सीमित करने में मदद की है। एक पुराने स्पष्टीकरण में सरकार ने कहा था कि, अगर भारत पूरी तरह जीवाश्म ईंधन आधारित पेट्रोल पर निर्भर रहता और अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमत करीब 135 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच जाती, तो दिल्ली में पेट्रोल की कीमत लगभग 125 रुपये प्रति लीटर हो सकती थी।
इसके बजाय उस समय पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर थी। सरकार ने कहा कि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव से उपभोक्ताओं को कुछ राहत दिलाने में इथेनॉल मिश्रण की भूमिका रही। भारत ने कच्चे तेल के आयात को कम करने, कार्बन उत्सर्जन घटाने और देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने की रणनीति के तहत पेट्रोल में अधिक मात्रा में एथेनॉल मिलाने को बढ़ावा दिया है।हालांकि, E20 पेट्रोल को लेकर बहस अभी जारी है। खासकर पुराने वाहनों के मालिक माइलेज, वाहन की अनुकूलता और अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल से वाहन चलाने की अतिरिक्त लागत को लेकर चिंतित हैं।

















