नासिक (महाराष्ट्र) : नासिक जिले की निफाड तहसील में मानसून की पहली मूसलाधार बारिश और गोदावरी नदी में आई बाढ़ ने गन्ना किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नांदूरमध्यमेश्वर बांध से करीब 55 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद तटीय क्षेत्रों के कई खेत जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ से निफाड क्षेत्र में लगभग 1,500 से 2,000 हेक्टेयर गन्ने की फसल प्रभावित होने का अनुमान है। खेतों में पानी भरने से गन्ने की फसल को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
लंबे समय तक खेतों में पानी जमा रहने से गन्ने की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा, जलभराव के कारण मिट्टी की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। किसानों के अनुसार, खेतों में पानी ठहरने से मिट्टी में लवणता बढ़ने का खतरा है, जिससे उपजाऊ जमीन की उत्पादकता पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।किसानों का कहना है कि, सीजन की शुरुआत में ही बाढ़ ने खेती को भारी नुकसान पहुंचाया है। यदि आने वाले दिनों में बारिश और तेज होती है, तो तटीय इलाकों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से खरीफ फसलों को बचाना मुश्किल हो सकता है। गन्ने की फसल को भी बाढ़ से भारी नुकसान पहुंचा है और किसानों को आगे और नुकसान की चिंता सता रही है। बाढ़ से प्रभावित किसानों का कहना है कि प्रशासन को तत्काल खेतों में हुए नुकसान का सर्वे कराना चाहिए। गन्ने की फसल को हुए नुकसान का आकलन कर किसानों को उचित मुआवजा और आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग भी उठ रही है।


















