नई दिल्ली : राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF) ने वित्त वर्ष 2026-27 में अपने कारोबार को 24 प्रतिशत से अधिक बढ़ाकर 17,200 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा है। वित्त वर्ष 2025-26 में NCCF का कारोबार 13,908 करोड़ रुपये रहा था। फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, कृषि जिंसों की खरीद बढ़ाने और निजी कारोबार के विस्तार से इस वृद्धि को गति मिलने की उम्मीद है। NCCF की प्रबंध निदेशक एनिस जोसेफ चंद्रा ने बताया कि, महासंघ कृषि जिंसों की खरीद से जुड़े अपने कारोबार का विस्तार करने के साथ-साथ निजी स्तर पर जिंसों की खरीद और बिक्री बढ़ाने की योजना बना रहा है। उन्होंने ‘फाइनेंशियल एक्सप्रेस’ से कहा कि, पिछले कुछ वर्षों में कृषि जिंसों की खरीद में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और आगे भी खरीद गतिविधियों का विस्तार जारी रहेगा। इसके साथ ही जिंसों की निजी खरीद-बिक्री के कारोबार को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
कृषि जिंसों के रिटेल और निजी कारोबार पर जोर
NCCF को उम्मीद है कि, अगले पांच वर्षों में उसके कुल राजस्व का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा कृषि जिंसों के रिटेल और निजी कारोबार से आएगा। इसके साथ ही महासंघ तिलहन, दलहन और प्याज की सरकार द्वारा निर्देशित खरीद भी जारी रखेगा। कृषि मंत्रालय की मूल्य समर्थन योजना (PSS) के तहत तिलहन और दलहन की कुल खरीद में NCCF की हिस्सेदारी फिलहाल करीब 35 प्रतिशत है। बाकी खरीद किसान सहकारी संस्था नाफेड (NAFED) द्वारा की जाती है।वित्त वर्ष 2025-26 में NCCF के कुल 13,908 करोड़ रुपये के कारोबार में खरीद गतिविधियों का योगदान करीब 11,500 करोड़ रुपये रहा।
FY26 में 180 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ
NCCF ने वित्त वर्ष 2025-26 में 180 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया। इस दौरान उसका कारोबार वित्त वर्ष 2024-25 के 8,270 करोड़ रुपये से बढ़कर 13,908 करोड़ रुपये हो गया, यानी करीब 68 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह वृद्धि 10 राज्यों में खरीद गतिविधियों के विस्तार से हुई। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान NCCF ने 55 लाख किसानों से 20 लाख टन से अधिक धान, प्याज, तिलहन, दलहन और गेहूं की खरीद की। NCCF का कारोबार वित्त वर्ष 2023-24 में 5,968.96 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2022-23 में 2,811 करोड़ रुपये था।
मक्का खरीद से एथेनॉल उत्पादन को समर्थन
मूल्य समर्थन योजना (PSS) और मूल्य स्थिरीकरण कोष (PSF) के तहत खरीद के अलावा NCCF मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और उत्तराखंड की राज्य सरकारों के लिए धान की खरीद भी करता है। महासंघ सरकार के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के तहत एथेनॉल उत्पादन के लिए आवश्यक कच्चे माल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किसानों से सीधे मक्का भी खरीदता है। मक्का की आपूर्ति के लिए NCCF ने 63 डिस्टिलरीज के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किए हैं।


















