नई दिल्ली: घरेलू चीनी की कीमतों में गिरावट के कारण भारतीय चीनी मिलों और रिफाइनरियों द्वारा सरकार की ओर से शुल्क-मुक्त आयात के लिए मंजूर 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी में से केवल लगभग आधी मात्रा ही आयात किए जाने की संभावना है। घरेलू बाजार में कीमतें गिरने से आयात की लाभप्रदता कम हो गई है। देवडिस्कोर्स ने रॉयटर्स की सिंडिकेटेड रिपोर्ट के हवाले से उद्योग अधिकारियों के अनुसार यह जानकारी दी है।
दुनिया के सबसे बड़े चीनी उपभोक्ता भारत ने पिछले सप्ताह त्योहारों के मौसम से पहले घरेलू बाजार में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची चीनी कीमतों को नियंत्रित करने के लिए 31 अक्टूबर तक शुल्क-मुक्त कच्ची चीनी आयात की अनुमति दी थी। त्योहारों के दौरान पारंपरिक मिठाइयों की मांग आमतौर पर बढ़ जाती है। हालांकि, सरकार के इस फैसले के बाद घरेलू एक्स-मिल चीनी कीमतों में पिछले सप्ताह के रिकॉर्ड स्तर से करीब 20% की गिरावट आ चुकी है।
मुंबई स्थित व्यापारी कंपनी MEIR Commodities India के प्रबंध निदेशक राहिल शेख ने कहा कि, जब घरेलू चीनी कीमतें मजबूत और लगातार बढ़ रही थीं, तब आयात व्यावसायिक रूप से आकर्षक दिखाई दे रहा था। लेकिन सरकार की घोषणा के बाद कीमतों में तेज गिरावट से मिलों के लिए आयात की रुचि कम हो गई है। उन्होंने कहा कि, आयात पर मिलने वाला मार्जिन अब काफी कम हो गया है और यह भी अनिश्चित है कि करीब दो महीने बाद जब आयातित चीनी भारत पहुंचेगी, तब आयात लाभदायक रहेगा या नहीं।
राहिल शेख और वैश्विक ट्रेडिंग कंपनियों से जुड़े चार अन्य कारोबारियों के अनुसार, भारत में कुल चीनी आयात 5 लाख टन से अधिक होने की संभावना नहीं है। इसमें अधिकांश खरीद रिफाइनरियों द्वारा किए जाने की उम्मीद है। वहीं, अक्टूबर के मध्य से घरेलू चीनी की उपलब्धता बढ़ने की संभावना है।
रिफाइनरियों को घरेलू बाजार में चीनी बेचने की अनुमति
भारत में कुछ बंदरगाह-आधारित चीनी रिफाइनरियां कच्ची चीनी का शुल्क-मुक्त आयात कर उसे रिफाइन करके सफेद चीनी बनाती हैं और उसका निर्यात करती हैं।सरकार के हालिया फैसले के तहत ये रिफाइनरियां आयात कोटे के लिए आवेदन कर सकती हैं और पहले से आयात की गई कच्ची चीनी से तैयार की गई रिफाइंड चीनी को अक्टूबर के अंत तक घरेलू बाजार में बेच सकती हैं।मुंबई स्थित एक वैश्विक ट्रेडिंग कंपनी के डीलर ने कहा कि, इन रिफाइनरियों के पास फिलहाल करीब 3 लाख टन चीनी का स्टॉक है, जिसे वे तेजी से घरेलू बाजार में बेच सकती हैं।हालांकि, चीनी मिलों ने आयात में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई है। इसका प्रमुख कारण यह है कि अक्टूबर के मध्य से नया गन्ना पेराई सत्र शुरू होने की उम्मीद है, जिससे घरेलू चीनी की आपूर्ति बढ़ेगी और स्थानीय कीमतों पर और दबाव पड़ सकता है।
15 अक्टूबर से पेराई शुरू करने का आग्रह
भारत सरकार ने चीनी की घरेलू उपलब्धता बढ़ाने के लिए चीनी मिलों से 15 अक्टूबर से गन्ने की पेराई शुरू करने को कहा है।सरकार ने फिलहाल केवल कच्ची चीनी (Raw Sugar) के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी है। इसके लिए चीनी मुख्य रूप से ब्राजील से आने की संभावना है। घरेलू बाजार में बिक्री से पहले इस कच्ची चीनी को रिफाइन करना जरूरी होगा।मुंबई स्थित डीलर ने कहा कि यदि सरकार कच्ची चीनी के साथ-साथ सफेद चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की भी अनुमति देती, तो घरेलू बाजार में चीनी की आपूर्ति और तेजी से बढ़ाई जा सकती थी।

















