एआई तकनीक से गन्ने की खेती में सटीकता, दक्षता और उत्पादकता बढ़ाने का अवसर: NFCSF अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटील

पुणे: एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक के माध्यम से खेती में सटीकता, दक्षता और उत्पादकता बढ़ाने का बड़ा अवसर पैदा हुआ है। सहकारी चीनी मिलों को केवल गन्ना पेराई और चीनी उत्पादन तक सीमित न रहते हुए अपने सदस्य किसानों के खेतों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाने की भूमिका निभानी चाहिए। यह विचार महाराष्ट्र के पूर्व सहकारिता मंत्री और राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ (NFCSF) के अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटील ने व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि, नीरा-भीमा सहकारी चीनी मिल द्वारा एआई तकनीक के इस्तेमाल से विकसित किया गया गन्ने का प्रायोगिक प्लॉट इस दिशा में एक अभिनव और महत्वपूर्ण प्रयोग है।

बदलते मौसम और जलवायु परिस्थितियों को देखते हुए गन्ने की खेती में उत्पादन लागत कम करने और प्रति एकड़ उत्पादकता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने की आवश्यकता बढ़ गई है।इसी उद्देश्य से नीरा-भीमा सहकारी चीनी मिल ने एआई तकनीक की मदद से गन्ने का एक प्रायोगिक प्लॉट विकसित किया है। इस तरह पारंपरिक गन्ने की खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में नीरा-भीमा चीनी मिल ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पाटील ने इस प्लॉट का निरीक्षण किया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सफल रहा तो बड़े स्तर पर होगा विस्तार

नीरा-भीमा चीनी मिल द्वारा विकसित प्रायोगिक प्लॉट के जरिए एआई तकनीक के वास्तविक खेती में इस्तेमाल की उपयोगिता का परीक्षण किया जा रहा है। इस प्रयोग से मिलने वाले परिणाम यदि गन्ना उत्पादकों के लिए उपयोगी साबित होते हैं, तो भविष्य में इस तकनीक का बड़े पैमाने पर विस्तार किया जा सकता है। पाटील ने कहा कि, ‘नीरा-भीमा’ का यह प्रयोग सफल रहा तो इसका लाभ केवल मिल के कार्यक्षेत्र के किसानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राज्य के अन्य गन्ना उत्पादकों को भी मिल सकता है। उन्होंने कहा कि, सहकारिता के माध्यम से आधुनिक तकनीक को सीधे किसानों के खेत तक पहुंचाने की दिशा को भविष्य में और व्यापक बनाने की आवश्यकता है।

गन्ना उत्पादकता बढ़ाने की नई राह

महाराष्ट्र के चीनी उद्योग के सामने बढ़ती उत्पादन लागत, पानी की उपलब्धता, जलवायु परिवर्तन और कम गन्ना उत्पादकता जैसी कई चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक को अपनाना अब जरूरी होता जा रहा है। ऐसे में एआई आधारित गन्ना प्रायोगिक प्लॉट पारंपरिक खेती और आधुनिक तकनीक के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकता है। अगर इस प्रयोग से गन्ने की प्रति एकड़ उपज बढ़ाने, पानी और उर्वरक की बचत करने तथा रोग-किट नियंत्रण को बेहतर बनाने में सफलता मिलती है, तो यह तकनीक भविष्य में गन्ना किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here