बिजनौर (उत्तर प्रदेश): बिजनौर जिले में गन्ना विकास अंशदान की बकाया राशि जमा न करने पर गन्ना विभाग ने चांदपुर चीनी मिल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उप गन्ना आयुक्त, मुरादाबाद के निर्देश पर मिल के चीनी गोदाम को सील कर दिया गया है। साथ ही, बकाया राशि जमा होने तक गोदाम से चीनी और शीरे के उठान पर भी रोक लगा दी गई है।
गन्ना विभाग के अनुसार, चांदपुर चीनी मिल पर कुल 3.18 करोड़ रुपये का गन्ना विकास अंशदान देय था। मिल प्रबंधन अब तक करीब 2.14 करोड़ रुपये जमा कर चुका है, लेकिन 1.04 करोड़ रुपये का भुगतान अभी बाकी है। इसी बकाया की वसूली सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने यह सख्त कदम उठाया है।कार्रवाई के तहत सहकारी गन्ना समिति के सचिव जितेंद्र कुमार और ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मनीष शुक्ला ने विभागीय ताला लगाकर गोदाम को सील कर दिया। अधिकारियों ने मिल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक पूरी बकाया राशि जमा नहीं होती, तब तक गोदाम से करीब 2,800 कुंतल चीनी और 72 हजार लीटर शीरा बाहर नहीं ले जाया जा सकेगा।
गन्ना विभाग ने बताया कि चांदपुर चीनी मिल ने किसानों के करीब 228 करोड़ रुपये के गन्ना मूल्य का भुगतान पूरी तरह कर दिया है। हालांकि, गन्ना विकास अंशदान की शेष राशि जमा न होने के कारण विभाग ने नियमानुसार यह कार्रवाई की है।अधिकारियों का कहना है कि बकाया अंशदान की पूरी राशि जमा होते ही गोदाम से चीनी और शीरे के उठान पर लगी रोक हटा दी जाएगी।


















