लाहौर: पाकिस्तान शुगर मिल्स एसोसिएशन (PSMA) ने संघीय सरकार द्वारा 2 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति देने के फैसले को अपर्याप्त बताते हुए इसे ठुकरा दिया है। एसोसिएशन का कहना है कि, देश में मौजूदा चीनी भंडार और आगामी गन्ना पेराई सत्र में संभावित उत्पादन को देखते हुए कम से कम 10 लाख टन चीनी निर्यात की अनुमति दी जानी चाहिए। सोमवार को हुई शुगर एडवाइजरी बोर्ड की बैठक में शामिल चीनी उद्योग के सभी प्रतिनिधियों ने निर्यात के फैसले का विरोध किया। उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मंत्रालय के प्रति भी असंतोष जताया और आरोप लगाया कि, मंत्रालय ने चीनी मिलों द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों की अनदेखी की तथा उद्योग के पक्ष को पर्याप्त महत्व नहीं दिया।
एसोसिएशन के अनुसार, 31 अगस्त 2026 तक पाकिस्तान में 26 लाख टन से अधिक चीनी का स्टॉक मौजूद था। देश में औसत मासिक घरेलू खपत करीब 560,096 टन है। ऐसे में 15 नवंबर तक अगले ढाई महीनों की घरेलू मांग पूरी करने के लिए लगभग 14 लाख टन चीनी की आवश्यकता होगी। इन आंकड़ों के आधार पर उद्योग का अनुमान है कि, पाकिस्तान 2026-27 के गन्ना पेराई सत्र की शुरुआत करीब 12.5 लाख टन चीनी के अधिशेष स्टॉक के साथ करेगा।
एसोसिएशन के मुताबिक, मौजूदा अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमतों पर इस अतिरिक्त चीनी के निर्यात से देश को 600 मिलियन से 700 मिलियन डॉलर तक की विदेशी मुद्रा आय हो सकती है। चीनी उद्योग को 2026-27 के पेराई सत्र में एक और रिकॉर्ड गन्ना उत्पादन की उम्मीद है। उद्योग के अनुसार, इस दौरान चीनी उत्पादन 80 लाख टन से अधिक रह सकता है। उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि, सरकार द्वारा मंजूर किया गया निर्यात कोटा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से तत्काल कम से कम 10 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति देने की मांग की।
एसोसिएशन ने कहा कि, अधिक मात्रा में चीनी निर्यात की अनुमति देने से गन्ना किसानों और चीनी उद्योग को वित्तीय नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी। साथ ही, पाकिस्तान को बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा अर्जित करने का अवसर भी मिलेगा। बैठक में सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने फेडरल बोर्ड ऑफ रेवेन्यू (FBR) के पोर्टल बंद कर दिए थे, ताकि सरकार द्वारा आयात की गई चीनी की बिक्री को आसान बनाया जा सके। उद्योग प्रतिनिधियों का दावा है कि, इससे चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई। उनके अनुसार, चीनी की कीमतों में गिरावट आने के बाद ही इन पोर्टलों को दोबारा खोला गया। चीनी उद्योग ने गन्ना क्षेत्र की तर्ज पर चीनी क्षेत्र को पूरी तरह विनियमन-मुक्त (डिरेगुलेट) करने की भी मांग की है।


















