बेलगावी (कर्नाटक) : पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रभाकर कोरे ने कहा की, चीनी उद्योग के सामने मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए गन्ने के लिए 5,500 रुपये प्रति टन का भाव देना किसी भी चीनी मिल के लिए संभव नहीं है। यहां तक कि मिल बेचने के बाद भी इतना भाव देना संभव नहीं होगा, यह स्पष्ट राय ने व्यक्त की। नंदी स्थित चिदानंद कोरे चीनी मिल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. कोरे ने चीनी उद्योग के सामने मौजूद आर्थिक चुनौतियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि, पिछले 15 वर्षों में चीनी के बाजार भाव में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है, जबकि कच्चे माल, उत्पादन और अन्य खर्चों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके कारण तैयार चीनी और कच्चे माल की कीमतों के बीच बड़ा अंतर पैदा हो गया है।
बिजली बकाया का भी असर
डॉ. कोरे ने कहा, चीनी मिलों की ओर से राज्य सरकार को 3 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली की आपूर्ति की जाती है। हालांकि, पिछले तीन वर्षों से इस बिजली का भुगतान सरकार की ओर से समय पर नहीं किया गया है। इससे चीनी मिलों की आर्थिक मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इन आर्थिक चुनौतियों के बावजूद चीनी मिलें किसानों को समय-समय पर गन्ने का भुगतान करने का प्रयास कर रही है।
चीनी बिक्री पर प्रतिबंधों का असर
इस वर्ष संतोषजनक बारिश नहीं होने के कारण किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। इसे स्वीकार करते हुए डॉ. कोरे ने कहा कि, गन्ने की उपलब्धता, चीनी की बिक्री पर सरकार की ओर से लगाए गए प्रतिबंध और बढ़ती उत्पादन लागत का चीनी उद्योग पर काफी असर पड़ रहा है।चीनी की बिक्री और बाजार की मौजूदा स्थिति भी मिलों के लिए चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। डॉ. कोरे ने कहा कि, चीनी उद्योग के मौजूदा आर्थिक गणित और किसानों की अपेक्षित गन्ना कीमत के बीच बड़ा अंतर पैदा हो गया है। ऐसे में 5,500 रुपये प्रति टन गन्ना भाव की मांग को पूरा करना मिलों के लिए बेहद मुश्किल है।


















