फिलीपींस : बायोएथेनॉल उत्पादन में आयातित चीनी के उपयोग पर रोक, SRA का बड़ा फैसला

मनिला : फिलीपींस के शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) ने बायोएथेनॉल उत्पादन में फीडस्टॉक के रूप में इस्तेमाल होने वाली आयातित चीनी, शीरा (मोलासेस) और गन्ने से बने अन्य उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह कदम देश की जैव ईंधन (बायोफ्यूल) नीति के लंबे समय से हो रहे उल्लंघन को रोकने के लिए उठाया गया है। 18 मई को जारी और 22 जून को सार्वजनिक किए गए शुगर ऑर्डर (SO) नंबर 4 के तहत SRA ने स्पष्ट किया है कि, अब बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी आधारित उत्पादों का आयात अनुमति नहीं दी जाएगी।बायोएथेनॉल, जिसमें मुख्य रूप से मोलासेस का उपयोग किया जाता है, को पेट्रोल में मिलाकर जैव ईंधन तैयार किया जाता है।

SRA के अनुसार, बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए विदेशों से चीनी उत्पादों का आयात रिपब्लिक एक्ट (RA) नंबर 9367 यानी बायोफ्यूल्स एक्ट की भावना और प्रावधानों के विपरीत है।प्राधिकरण ने कहा कि आयातित चीनी और मोलासेस के उपयोग से स्थानीय स्तर पर उत्पादित मोलासेस और चीनी की मांग तथा कीमतों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, जिससे फिलीपींस के गन्ना किसानों और पूरे चीनी उद्योग को नुकसान होता है। SRA ने वर्ष 2008-2009 में जारी SO 14 की धारा 6 के तहत बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी और संबंधित उत्पादों के आयात की अनुमति दी थी। हालांकि, नए आदेश में कहा गया है कि बायोफ्यूल्स एक्ट के अनुसार बायोफ्यूल में इस्तेमाल होने वाला बायोएथेनॉल स्थानीय स्रोतों से प्राप्त होना चाहिए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ऊर्जा विभाग (DOE) के अनुसार, “स्थानीय स्रोत” का अर्थ है ऐसा बायोएथेनॉल जो फिलीपींस में उगाए गए, लगाए गए, काटे गए और प्रसंस्कृत किए गए फीडस्टॉक से तैयार किया गया हो। SRA ने कहा कि, SO 14 की धारा 6 में संशोधन करना आवश्यक था, क्योंकि यह मोलासेस और चीनी/गन्ने के आयात की अनुमति देती थी।नए संशोधन के तहत बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का आयात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जब तक कि नेशनल बायोफ्यूल्स बोर्ड (NBB) इसकी विशेष अनुमति न दे। NBB की अध्यक्षता फिलीपींस के ऊर्जा सचिव करते हैं।

NBB देश में बायोफ्यूल की उपलब्धता की निगरानी करता है और ईंधन मिश्रण संबंधी अनिवार्य मानकों में बदलाव की सिफारिश करता है।वर्तमान में फिलीपींस में बायोडीजल मिश्रण स्तर 3 प्रतिशत (B3) पर बना हुआ है। इससे पहले NBB ने नारियल की बढ़ती कीमतों के कारण मिश्रण स्तर बढ़ाने की योजना को स्थगित करने की सिफारिश की थी, क्योंकि बायोडीजल उत्पादन में नारियल भी एक महत्वपूर्ण फीडस्टॉक है।

SRA के आंकड़ों के अनुसार, फसल वर्ष 2025-2026 में फिलीपींस में मोलासेस का उत्पादन 10.4 लाख मीट्रिक टन रहा, जो पिछले फसल वर्ष 2024-2025 के 10.9 लाख मीट्रिक टन की तुलना में 5 प्रतिशत कम है।वहीं, 31 मई तक मोलासेस की मिल-स्तरीय कीमत लगभग 12 प्रतिशत बढ़कर 13,288.89 फिलीपीन पेसो प्रति मीट्रिक टन हो गई, जबकि एक वर्ष पहले यह 11,900.20 पेसो प्रति मीट्रिक टन थी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here