फिलीपींस ने गन्ने के कीट प्रकोप के खिलाफ अभियान तेज किया, ड्रोन, रासायनिक छिड़काव और वित्तीय सहायता का सहारा

मनिला : फिलीपींस के कृषि विभाग (डीए) और शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (एसआरए) ने गन्ने की फसल पर फैल रहे रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट (आरएसएसआई) के प्रकोप को रोकने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। इसके तहत ड्रोन के माध्यम से रासायनिक छिड़काव, जैविक नियंत्रण उपायों और प्रभावित किसानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। यह अभियान विशेष रूप से नेग्रोस द्वीप और पश्चिमी विसायस क्षेत्र में केंद्रित है।

कृषि विभाग ने रासायनिक उपचार और ड्रोन संचालन के लिए 3.5 करोड़ फिलीपीन पेसो (P35 मिलियन) का प्रावधान किया है। प्रारंभिक चरण में यह कार्यक्रम 25,000 हेक्टेयर गन्ना क्षेत्र को कवर करेगा। यदि कीट प्रकोप बढ़ता है, तो इसे 40,000 से 45,000 हेक्टेयर तक विस्तारित किया जा सकता है। वर्तमान फसल वर्ष में फिलीपींस के कुल 4,21,606 हेक्टेयर गन्ना क्षेत्र में से 93,898 हेक्टेयर क्षेत्र आरएसएसआई से प्रभावित हो चुका है। प्रभावित क्षेत्र में से 92,295 हेक्टेयर विसायस क्षेत्र, विशेषकर नेग्रोस द्वीप और पश्चिमी विसायस में स्थित है, जिससे 12,700 से अधिक गन्ना किसान प्रभावित हुए हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कृषि सचिव फ्रांसिस्को टियू लॉरेल जूनियर ने घोषणा की कि, सामाजिक कल्याण और विकास विभाग (डीएसडब्ल्यूडी) प्रभावित किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। इस योजना के तहत प्रत्येक सत्यापित किसान को 10,000 फिलीपीन पेसो (P10,000) की नकद सहायता दी जाएगी। अब तक 12,300 से अधिक किसान इस सहायता के पात्र घोषित किए जा चुके हैं और सरकार लगभग 20,000 किसानों तक सहायता पहुंचाने के लिए अतिरिक्त धन की व्यवस्था कर रही है।

फ्रांसिस्को टियू लॉरेल जूनियर ने कहा, “हम जितना अधिक गन्ना क्षेत्र बचा पाएंगे, उतना ही किसानों की आजीविका, चीनी उत्पादन और देश के महत्वपूर्ण कृषि उद्योग की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।”आरएसएसआई एक आक्रामक रस-चूसने वाला कीट है, जो गन्ने के पौधों का रस चूसकर उन्हें कमजोर कर देता है। इसके कारण काले फफूंदनुमा कवक (सूटी मोल्ड) का विकास होता है, जो पत्तियों पर जमकर सूर्य के प्रकाश को रोकता है, प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया को बाधित करता है और गन्ने की उपज तथा चीनी की मात्रा दोनों को कम कर देता है।

सरकार ने नेग्रोस द्वीप में ऐसे ड्रोन तैनात करने की योजना बनाई है, जो प्रतिदिन लगभग 300 हेक्टेयर क्षेत्र में छिड़काव कर सकेंगे। इनकी सहायता के लिए स्प्रे-कैनन ट्रक और बैकपैक स्प्रेयर भी लगाए जाएंगे।

एसआरए दीर्घकालिक जैविक नियंत्रण उपायों को भी मजबूत कर रहा है। संस्था ने एक लाभकारी फफूंद विकसित की है, जो आरएसएसआई कीट पर हमला करती है। एसआरए अनुसंधान संस्थानों के सहयोग से इस जैविक नियंत्रण एजेंट के उत्पादन का विस्तार करने की योजना बना रहा है।

एसआरए के प्रशासक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पाब्लो लुइस अज़कोना ने कहा कि गन्ना उत्पादन की सुरक्षा और बाजार को स्थिर रखने के लिए कीट प्रकोप पर तेजी से नियंत्रण पाना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य फसल नुकसान को न्यूनतम करना, चीनी उत्पादन को स्थिर रखना और आपूर्ति में अनावश्यक व्यवधान को रोकना है। जितनी जल्दी हम यह कर पाएंगे, उतनी ही बेहतर तरीके से किसानों की आय, चीनी मिलों का संचालन और उपभोक्ताओं के लिए चीनी की कीमतों को स्थिर रखा जा सकेगा।

एसआरए एक जापानी प्रौद्योगिकी कंपनी के साथ भी साझेदारी कर रहा है, जिसने नारियल स्केल कीट और केले में फ्यूजेरियम विल्ट रोग की प्रारंभिक पहचान प्रणाली विकसित की है। आरएसएसआई की पहचान करने वाली इस तकनीक को नेग्रोस क्षेत्र में अगस्त से लागू किए जाने की संभावना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here