मनीला : गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाने वाले रेड स्ट्राइप्ड सॉफ्ट-स्केल इंसेक्ट (RSSI) का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। चीनी नियामक प्रशासन (SRA) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 5 जून तक देश में इस कीट से प्रभावित गन्ना क्षेत्र बढ़कर 2,249.48 हेक्टेयर तक पहुंच गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक सप्ताह के भीतर प्रभावित क्षेत्र में 460.55 हेक्टेयर की वृद्धि दर्ज की गई, जो लगभग 25.74 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही प्रभावित किसानों की संख्या में 239 की बढ़ोतरी हुई है, जबकि 23 नए गांव भी इस कीट के प्रकोप की चपेट में आ गए हैं।
गन्ने के लिए बड़ा खतरा बना RSSI…
रेड स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट एक रस चूसने वाला अत्यंत हानिकारक कीट है, जो गन्ने की फसल को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। यह कीट पौधों का रस चूसकर उनकी वृद्धि और उत्पादकता को प्रभावित करता है। वर्ष 2022 में पहली बार इसकी पहचान फिलीपींस में हुई थी और तब से यह गन्ना उद्योग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। रिपोर्ट के अनुसार, नेग्रोस ऑक्सिडेंटल प्रांत RSSI के प्रकोप का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है, जहां देश के कुल प्रभावित क्षेत्र का लगभग 91 प्रतिशत हिस्सा स्थित है। इस क्षेत्र के बागो सिटी में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई। यहां प्रभावित क्षेत्र 120.63 हेक्टेयर से बढ़कर 406.02 हेक्टेयर हो गया, यानी केवल एक सप्ताह में 285.39 हेक्टेयर का इजाफा हुआ। वहीं, इलोइलो प्रांत में इस कीट का भौगोलिक विस्तार सबसे तेजी से देखा गया, जहां कई नए नगरों और गांवों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
ड्रोन से किया जा रहा कीटनाशक छिड़काव…
SRA ने बताया कि, पिछले सप्ताह नेग्रोस ऑक्सिडेंटल के ला कैस्टेलाना क्षेत्र में एक गन्ना खेत पर ड्रोन की सहायता से हवाई कीटनाशक छिड़काव अभियान चलाया गया। इस अभियान में दो प्रकार के कीटनाशकों का मिश्रण इस्तेमाल किया गया। इनमें एटोफेनप्रॉक्स (30 प्रतिशत) शामिल था, जो संपर्क या सेवन के जरिए कीटों को नष्ट करता है, जबकि डाइनोटेफ्यूरान (20 प्रतिशत) एक प्रणालीगत कीटनाशक है, जिसे पौधा अवशोषित कर लेता है और लंबे समय तक सुरक्षा प्रदान करता है।
आधुनिक तकनीक से नियंत्रण की कोशिश…
SRA के अनुसार, ड्रोन तकनीक का उपयोग RSSI के तेजी से फैलते प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए तेज, सटीक और प्रभावी उपाय के रूप में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कीटों की संख्या कम करना, फसल नुकसान को घटाना और प्रभावित क्षेत्रों में गन्ने की उत्पादकता बढ़ाना है। प्राधिकरण ने कहा कि इस पहल की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करने और RSSI नियंत्रण कार्यक्रम को और बेहतर बनाने के लिए लगातार निगरानी और अतिरिक्त हस्तक्षेप जारी रहेंगे। विशेष रूप से ला कार्लोटा मिल जिले में कीट प्रबंधन कार्यक्रम को मजबूत करने पर ध्यान दिया जा रहा है।


















