मनिला : फिलीपींस शुगर मिलर्स एसोसिएशन (PSMA) ने कृत्रिम मिठास (आर्टिफिशियल स्वीटनर्स) के नियमन के लिए शुगरकेन इंडस्ट्री डेवलपमेंट एक्ट (SIDA) 2015 में संशोधन के प्रस्ताव का समर्थन किया है। पीएसएमए के कार्यकारी निदेशक जीसस बर्रेरा ने कहा कि, चीनी उद्योग पर जहां उत्पादन, भंडारण, आपूर्ति, परिवहन और बाजार वितरण को लेकर सख्त नियम लागू हैं, वहीं कृत्रिम मिठास के उपयोग पर पर्याप्त निगरानी नहीं है। उन्होंने कहा कि, सिंथेटिक स्वीटनर्स का बड़े पैमाने पर खाद्य और पेय पदार्थों में इस्तेमाल हो रहा है, जो सीधे तौर पर स्थानीय चीनी उद्योग को प्रभावित कर रहे हैं।
बर्रेरा ने बताया कि, देश में चीनी के सेवन को लेकर फूड एंड न्यूट्रिशन रिसर्च इंस्टीट्यूट (FNRI) द्वारा आयु वर्ग के अनुसार दैनिक सेवन सीमा तय की गई है। लेकिन रासायनिक या कृत्रिम मिठास के उपयोग को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट दिशानिर्देश मौजूद नहीं हैं, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी इनके स्वास्थ्य पर संभावित दुष्प्रभावों को लेकर चिंता जता चुका है।पीएसएमए का कहना है कि, बिना नियंत्रण के कृत्रिम मिठास का लगातार बढ़ता उपयोग घरेलू चीनी उद्योग की प्रतिस्पर्धा और दीर्घकालिक स्थिरता के लिए खतरा बन रहा है। इसलिए SIDA कानून में संशोधन कर स्थानीय चीनी के लिए समान और न्यायसंगत नियामक व्यवस्था जरूरी है।
संस्था ने यह भी कहा कि, देश में स्थानीय चीनी उत्पादन को आयात पर प्राथमिकता दी जानी चाहिए। आयात केवल तब किया जाए, जब घरेलू उत्पादन राष्ट्रीय मांग को पूरा करने में असमर्थ हो।पीएसएमए के अनुसार, घरेलू उत्पादन को समर्थन देने और निष्पक्ष बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करने वाली नीतियां ग्रामीण रोजगार, किसानों की आय और दीर्घकालिक खाद्य सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।


















