देश में पेट्रोल में 30% तक एथेनॉल मिश्रण की तैयारी, सरकार ने शुरू की नई रणनीति : रिपोर्ट

नई दिल्ली : भारत सरकार अब पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को और बढ़ाने की दिशा में तेजी से कदम उठा रही है। मौजूदा E20 योजना के बाद अब E22, E25, E27 और E30 फ्यूल के लिए तकनीकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसका मतलब है कि आने वाले समय में पेट्रोल में 22 प्रतिशत से लेकर 30 प्रतिशत तक एथेनॉल मिलाया जा सकेगा। ‘टीवी 9 भारतवर्ष’ में प्रकाशित खबर में कहा गया है की, सरकार की इस पहल को देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। बढ़ते वैश्विक तनाव, खासकर पश्चिम एशिया में हालिया घटनाक्रम और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच भारत विदेशी तेल पर निर्भरता कम करने की रणनीति पर तेजी से काम कर रहा है।

18 मई को अधिसूचना जारी…

ChiniMandi WhatsApp Channel

18 मई को जारी अधिसूचना में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने नए एथेनॉल मिश्रित ईंधनों के लिए मानक तय किए हैं। ये नियम 15 मई 2026 से लागू हो चुके हैं। फिलहाल देशभर में E20 फ्यूल को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाया जाता है। सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है, जिससे वैश्विक कच्चे तेल की आपूर्ति पर दबाव बढ़ा है।

नए मानकों में क्या होगा खास…

बीआईएस के नए मानकों में अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन पर चलने वाले इंजनों और वाहनों के लिए तकनीकी दिशानिर्देश तय किए गए हैं। इसमें ईंधन की गुणवत्ता, ऑक्टेन स्तर, सल्फर सीमा, पानी की मात्रा, वाष्प दबाव, जंग से सुरक्षा और ईंधन स्थिरता जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।इन नियमों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य की फ्लेक्स-फ्यूल और हाई एथेनॉल सपोर्ट वाली गाड़ियां सुरक्षित, टिकाऊ और बेहतर प्रदर्शन करने वाली हों।

एथेनॉल उद्योग ने फैसले का किया स्वागत…

एथेनॉल उद्योग से जुड़े संगठनों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है।उनका मानना है कि, इससे देश में बढ़ते एथेनॉल उत्पादन का बेहतर उपयोग हो सकेगा और स्वच्छ ईंधन आधारित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। उद्योग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार भारत की एथेनॉल उत्पादन क्षमता अब करीब 2 अरब लीटर तक पहुंच चुकी है, लेकिन तेल विपणन कंपनियों द्वारा इसकी खरीद अभी लगभग 1 अरब लीटर तक ही सीमित है।विशेषज्ञों का मानना है कि, एथेनॉल मिश्रण बढ़ने से किसानों, चीनी मिलों और बायोफ्यूल उद्योग को भी बड़ा लाभ मिल सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here