प्रधानमंत्री मोदी को व्हाइट हाउस आने का न्योता, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से रुबियो ने दिया निमंत्रण

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जल्द व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया गया है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने जानकारी देते हुए बताया कि, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को यह औपचारिक निमंत्रण सौंपा। सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का आमंत्रण दिया है।

शनिवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, रणनीतिक तकनीक, निवेश और शिक्षा समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की गई। रुबियो ने अमेरिका का दृष्टिकोण साझा किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने संवाद और कूटनीति के जरिए शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन दोहराया। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर सकारात्मक बातचीत हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को अपनी शुभकामनाएं भी भेजीं और भविष्य में आपसी संवाद जारी रखने की इच्छा जताई।

ChiniMandi WhatsApp Channel

प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया पर कहा कि, भारत और अमेरिका वैश्विक हितों के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।इस उच्चस्तरीय बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और अमेरिकी अंडर सेक्रेटरी एलीसन हूकर भी मौजूद रहे। भारत दौरे पर आए मार्को रुबियो ने शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचकर मदर टेरेसा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मिशनरीज ऑफ चैरिटी का दौरा करते हुए मदर टेरेसा की सेवा और करुणा की विरासत की सराहना की।

रुबियो का यह चार दिवसीय भारत दौरा 23 से 26 मई तक चलेगा। इस दौरान वह नई दिल्ली, आगरा और जयपुर समेत कई शहरों का दौरा करेंगे। विशेषज्ञों के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य फोकस भारत-अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा सहयोग, उन्नत तकनीक, ऊर्जा सुरक्षा और क्वाड साझेदारी को मजबूत करना है। यह दौरा 26 मई को नई दिल्ली में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक से पहले काफी अहम माना जा रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here