बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश): गुड़ और खांडसारी उद्योग को टैक्स के दायरे में लाने संबंधी प्रस्तावित मसौदे को केंद्र सरकार द्वारा वापस लेने के फैसले का राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने स्वागत किया है। पार्टी नेताओं और किसानों ने इसे किसान हित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए केंद्र सरकार और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रालोद के विधानसभा अध्यक्ष दिव्यांश चौधरी के नेतृत्व में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में गन्ना किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। किसानों ने खुशी जाहिर करते हुए एक-दूसरे को गुड़ बांटा और फैसले का स्वागत किया।
रालोद के वरिष्ठ नेता डॉ. कुंवरवीर सिंह ने कहा कि, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने अपने कार्यकाल में गन्ना किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए थे, जिनका लाभ आज भी किसानों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि, हाल ही में एक प्रस्तावित कानून में शुगर मिलों के बीच न्यूनतम दूरी 15 किलोमीटर से बढ़ाकर 25 किलोमीटर करने, गुड़ एवं खांडसारी उद्योग को कर के दायरे में लाने और कोल्हू संचालन के लिए शुगर मिलों से अनुमति लेने जैसी व्यवस्थाओं का प्रावधान किया गया था।
डॉ. सिंह ने कहा कि, रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के निरंतर प्रयासों और किसानों की आवाज उठाने के कारण सरकार ने इस मसौदे को वापस लेने का निर्णय लिया। इससे गुड़ उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और गन्ना किसानों को राहत मिलेगी।विधानसभा अध्यक्ष दिव्यांश चौधरी ने भी कहा कि, जयंत चौधरी हमेशा किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हैं और राष्ट्रीय लोकदल किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करता रहा है। बैठक में क्षेत्र के अनेक किसान, जनप्रतिनिधि और रालोद कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने इस फैसले को किसानों और ग्रामीण उद्योगों के लिए सकारात्मक कदम बताया।


















