नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और हॉर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए होने वाली समुद्री आपूर्ति पर बढ़ते जोखिमों के कारण भारत को उर्वरकों की आपूर्ति में लंबे समय तक व्यवधान का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, देश के मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार और अपेक्षाकृत स्थिर बाहरी आर्थिक स्थिति इस प्रभाव को कुछ हद तक कम कर सकती है। यह जानकारी केयरएज ग्लोबल की एक नई रिपोर्ट में सामने आई है।
उर्वरक झटकों के प्रति भारत की संवेदनशीलता अधिक…
“फर्टिलाइजर शॉक: वेस्ट एशिया क्राइसिस क्रंचेस सप्लाई टू एशिया-पैसिफिक” शीर्षक वाली रिपोर्ट में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की 14 अर्थव्यवस्थाओं का विश्लेषण किया गया है। इसमें पश्चिम एशिया में तनाव और हॉर्मुज जलडमरूमध्य में संभावित बाधाओं के कारण उर्वरक आपूर्ति पर पड़ने वाले प्रभावों का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत और फिलीपींस उन देशों में शामिल हैं जिन्हें उर्वरक आपूर्ति में व्यवधान से “उच्च जोखिम” का सामना करना पड़ सकता है।
भारत के लिए यह जोखिम निम्न कारणों से अधिक माना गया है; उर्वरकों की मांग का 37.4 प्रतिशत हिस्सा आयात पर निर्भर है। कुल उर्वरक आयात का 33.9 प्रतिशत पश्चिम एशिया से आता है। कृषि क्षेत्र का योगदान देश की जीडीपी में 16.6 प्रतिशत है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) में खाद्य वस्तुओं का भार 36.8 प्रतिशत है।
खाद्य महंगाई बढ़ने का खतरा…
रिपोर्ट में कहा गया है कि, यदि उर्वरकों की आपूर्ति बाधित होती है और ऊर्जा लागत बढ़ती है, तो खेती की लागत में वृद्धि होगी। इससे किसानों के लिए कृषि निवेश महंगा हो सकता है और खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। चूंकि भारत के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में खाद्य वस्तुओं की हिस्सेदारी एक-तिहाई से अधिक है, इसलिए उर्वरकों की कीमतों में लगातार वृद्धि का सीधा असर महंगाई पर पड़ सकता है। साथ ही, सरकार को उर्वरक सब्सिडी पर अधिक खर्च करना पड़ सकता है, जिससे वित्तीय दबाव भी बढ़ सकता है।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति पर निर्भर करेगा असर…
रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम एशिया संकट की दिशा और हॉर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े घटनाक्रम यह तय करेंगे कि उर्वरक आपूर्ति पर कितना प्रभाव पड़ेगा। यदि क्षेत्र में शांति समझौता होता है और प्रमुख समुद्री मार्ग फिर से सामान्य रूप से खुल जाते हैं, तो आपूर्ति संबंधी बाधाएं सीमित रह सकती हैं। हालांकि, आपूर्ति श्रृंखला को पूरी तरह सामान्य होने में समय लग सकता है। केयरएज ने चेतावनी दी है कि यदि उर्वरक आपूर्ति में लंबे समय तक बाधा बनी रहती है, तो किसानों की लागत बढ़ेगी और खाद्य कीमतों पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा। इससे कृषि क्षेत्र और उपभोक्ताओं दोनों पर असर पड़ सकता है।


















