नई दिल्ली/मुंबई : देश के चीनी उद्योग के सामने गन्ने की उपलब्धता लगातार सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।महाराष्ट्र के सांगली जिले में स्थित राजारामबापू सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक (एमडी) रामचंद्र धीरेंद्रराव माहुली का कहना है कि, पिछले दो पेराई सत्र गन्ने की कम उपलब्धता के कारण उद्योग के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहे हैं। उनका मानना है कि, गन्ना उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के लिए पूरे उद्योग को मिलकर काम करना होगा।उन्होंने यह भी कहा कि, महाराष्ट्र की अधिकांश चीनी मिलों ने किसानों का एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) भुगतान कर दिया है और केवल कुछ मिलों पर ही बकाया है, जिसे जल्द ही चुकाए जाने की उम्मीद है।
2026-27 का पेराई सत्र रहेगा चुनौतीपूर्ण…
रामचंद्र माहुली ने कहा कि, वर्ष 2026-27 का चीनी पेराई सत्र भी उद्योग के लिए आसान नहीं रहेगा। पिछले दो वर्षों में गन्ने की कमी के कारण मिलों ने क्रमशः लगभग 8.5 करोड़ मीट्रिक टन और 10.45 करोड़ मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की।उन्होंने कहा कि यदि उद्योग को लागत कम करनी है और मिलों के संचालन के दिनों में बढ़ोतरी करनी है, तो हर वर्ष कम से कम 13 से 14 करोड़ मीट्रिक टन गन्ने की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।
बढ़ती लागत और कम आय से बढ़ी परेशानी…
उन्होंने कहा कि सहकारी चीनी मिलों के सामने सबसे बड़ी समस्या चीनी उत्पादन की बढ़ती लागत और चीनी बिक्री से होने वाली कम आय है। इससे मिलों की वित्तीय स्थिति प्रभावित हो रही है और किसानों को समय पर गन्ना भुगतान करना कठिन हो रहा है।
सरकार से आसान वित्तीय सहायता की मांग…
माहुली ने केंद्र और राज्य सरकारों से चीनी मिलों के लिए आसान वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि, गन्ना नियंत्रण आदेश के तहत मिलों को 14 दिनों के भीतर किसानों का भुगतान करना अनिवार्य है। ऐसे में मिलों को बैंकों से ऋण लेना पड़ता है, जिससे ब्याज का बोझ बढ़ता है और वित्तीय संकट गहराता जाता है।
चीनी के न्यूनतम विक्रय मूल्य में बढ़ोतरी जरूरी…
उन्होंने कहा कि, किसानों के हितों की रक्षा के लिए गन्ने का एफआरपी बढ़ाना उचित है, लेकिन इसके साथ ही चीनी के न्यूनतम विक्रय मूल्य (एमएसपी) और एथेनॉल खरीद मूल्य में भी समानुपातिक वृद्धि होनी चाहिए। उनका सुझाव है कि इन दोनों को एफआरपी से जोड़ा जाए, ताकि चीनी उद्योग आर्थिक रूप से संतुलित रह सके।
महाराष्ट्र में लगभग पूरा हुआ एफआरपी भुगतान…
महुली ने बताया कि, जून 2026 तक महाराष्ट्र की चीनी मिलों ने किसानों को लगभग 99.26 प्रतिशत एफआरपी का भुगतान कर दिया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। केवल 8 से 10 चीनी मिलों पर ही भुगतान बकाया है और उन्हें भी जल्द भुगतान पूरा करने की उम्मीद है।
उत्पादन बढ़ा तो चीनी निर्यात का रास्ता खुलेगा…
उन्होंने कहा कि, सरकार ने घरेलू बाजार में त्योहारों के दौरान चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए 30 सितंबर तक चीनी निर्यात पर रोक लगाई है। यदि वर्ष 2026-27 में चीनी उत्पादन बढ़ता है, तो सरकार निर्यात की अनुमति दे सकती है। उन्होंने सरकार की नीतियों को उद्योग हित में सक्रिय और संतुलित बताया।
एथेनॉल कार्यक्रम किसानों और देश दोनों के लिए लाभकारी…
एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम पर सोशल मीडिया में फैल रही भ्रांतियों को लेकर माहुली ने कहा कि, यह देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण पहल है। उनके अनुसार, एथेनॉल मिश्रण से कच्चे तेल के आयात में कमी आती है, विदेशी मुद्रा की बचत होती है, वायु प्रदूषण घटता है और किसानों को गन्ना, मक्का सहित अन्य फसलों के लिए स्थायी बाजार मिलता है।
उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है। साथ ही एथेनॉल पेट्रोल की ऑक्टेन क्षमता बढ़ाकर इंजन के प्रदर्शन में भी सुधार करता है।माहुली ने कहा कि, ब्राजील और अमेरिका जैसे देशों में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम सफलतापूर्वक लागू है और वहां किसी तरह की शिकायत नहीं है। भारत भी उसी तकनीक को अपनाकर स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।


















