नई दिल्ली : खाद्य मंत्रालय ने 30 सितंबर को जारी अधिसूचना में अक्टूबर 2026 के पहले पखवाड़े के लिए 587 चीनी मिलों और दो रिफाइनरियों को कुल 14 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) चीनी बिक्री कोटा आवंटित किया है। सितंबर के पहले पखवाड़े के लिए चीनी मिलों को 13 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) का कोटा आवंटित किया गया था, जबकि दूसरे पखवाड़े के लिए यह कोटा 13.50 एलएमटी था। अक्टूबर 2025 में सरकार ने घरेलू बिक्री के लिए 24 एलएमटी का मासिक चीनी कोटा आवंटित किया था। वहीं, अक्टूबर 2024 में बिक्री के लिए जारी चीनी कोटा 25.5 एलएमटी था।
सितंबर 2025 में सरकार ने 23.5 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) का मासिक चीनी कोटा आवंटित किया था, जो सितंबर 2024 में आवंटित कोटे के बराबर था। अगस्त 2026 में सरकार ने 22.5 लाख मीट्रिक टन का मासिक चीनी कोटा आवंटित किया था, जो अगस्त 2025 में आवंटित कोटे के समान था।यह तीसरा पखवाड़ा-आधारित कोटा आवंटन है। सरकार समय-समय पर बिक्री कोटा तय करके घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता को नियंत्रित कर रही है।
कोटा व्यवस्था का उद्देश्य घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना और कीमतों में अचानक होने वाले उतार-चढ़ाव को रोकना है। सितंबर के दौरान चीनी की कीमतें तय करने में बाजार की स्थिति और मांग प्रमुख कारक बने रहेंगे।विशेषज्ञों के अनुसार, अक्टूबर के पहले पखवाड़े के लिए आवंटित चीनी कोटा घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। त्योहारों के मौसम के कारण इस अवधि में चीनी की मांग आमतौर पर बढ़ जाती है। घरों में अधिक खपत के साथ-साथ मिठाई निर्माताओं और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की मांग भी बढ़ती है।
महाराष्ट्र को सबसे अधिक कोटा
आदेश के अनुसार, महाराष्ट्र को सबसे अधिक 4,39,074 टन चीनी बिक्री का कोटा मिला है। इसके बाद उत्तर प्रदेश को 4,17,658 टन और कर्नाटक को 2,20,324 टन आवंटित किया गया है।अन्य प्रमुख राज्यों में: तमिलनाडु: 63,061 टन, गुजरात: 40,850 टन, बिहार: 31,208 टन, पंजाब: 27,696 टन, हरियाणा: 21,110 टन, मध्य प्रदेश: 16,291 टन, उत्तराखंड: 13,898 टन कोटा आवंटित किया गया है। जबकि, छोटे चीनी उत्पादक राज्यों में:आंध्र प्रदेश: 3,298 टन, तेलंगाना: 2,524 टन, ओडिशा: 1,831 टन, राजस्थान: 609 टन, छत्तीसगढ़: 567 टन कोटा आवंटित किया गया है।इसके अलावा श्री रेणुका शुगर्स लिमिटेड और श्री दत्त इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को अपनी रिफाइनरियों से घरेलू बाजार में इस पखवाड़े के दौरान परिवर्तित चीनी की 50,000-50,000 टन बिक्री की अनुमति दी गई है।
अक्टूबर में पेराई शुरू करने वाली मिलों को भी अनुमति
आदेश में कहा गया है कि, अक्टूबर 2026 में पेराई शुरू करने वाली मिलें उसी महीने उत्पादित चीनी को अक्टूबर और नवंबर 2026 में बेच सकती हैं। पखवाड़ा कोटा व्यवस्था के तहत मिलों को अपने आवंटित कोटे की कम से कम 45 प्रतिशत मात्रा पहले सप्ताह में बेचनी होगी, जबकि शेष मात्रा अगले सप्ताह में बेचनी होगी। विभाग के अनुसार, बेची गई चीनी को बिक्री के सात दिनों के भीतर मिल से भेजना अनिवार्य होगा। बिक्री की तारीख वह तारीख मानी जाएगी, जिस दिन मिल बिक्री का चालान जारी करेगी। मिलों को 15 अक्टूबर तक की बिक्री का पूरा विवरण 18 अक्टूबर 2026 तक अपने पंजीकृत ई-मेल आईडी के माध्यम से जमा करना होगा। आदेश में चेतावनी दी गई है कि नियमों का पालन नहीं करने वाली मिलों को नवंबर 2026 के लिए कोई रिलीज नहीं दिया जा सकता है।
डीलरों का डीएफपीडी पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
विभाग ने मिलों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि उनके सभी डीलर डीएफपीडी पोर्टल पर पंजीकृत हों और प्रत्येक शुक्रवार को अपने चीनी स्टॉक की घोषणा करें। विभाग ने दोहराया है कि, कोई भी मिल अपंजीकृत डीलर को चीनी नहीं बेच सकती। पी-II फॉर्म जमा करते समय मिलों को इस संबंध में एक अंडरटेकिंग भी देनी होगी। डीलर पंजीकरण की जांच के लिए लॉगिन संबंधी जानकारी 27 अगस्त 2026 को जारी पत्र के माध्यम से मिलों को उपलब्ध कराई गई थी।
सितंबर की पी-II रिटर्न 7 अक्टूबर तक दाखिल करनी होगी
मिलों को सितंबर 2026 की मासिक पी-II रिटर्न, जिसमें दोनों पखवाड़ों की जानकारी शामिल होगी, 7 अक्टूबर 2026 तक एपीआई (एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस) के माध्यम से दाखिल करनी होगी। सितंबर के लिए मिल-वार कोटा संदर्भ के लिए विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। 30 सितंबर 2026 को घोषित क्लोजिंग स्टॉक का भौतिक स्टॉक सत्यापन के दौरान मिलान किया जाएगा। स्टॉक में किसी भी तरह की विसंगति को शुगर (कंट्रोल) ऑर्डर, 2025 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत उल्लंघन माना जाएगा।
समूह की मिलें संयुक्त रूप से रख सकती हैं स्टॉक
आदेश के अनुसार, एक से अधिक चीनी इकाइयों वाली समूह कंपनियां अपना स्टॉक प्रत्येक इकाई के स्तर पर या पूरे समूह के स्तर पर रख सकती हैं। मिलों को जूट पैकेजिंग मटेरियल (कमोडिटीज की पैकिंग में अनिवार्य उपयोग) अधिनियम, 1987 के तहत चीनी की 20 प्रतिशत पैकेजिंग जूट बैग में करना अनिवार्य है। इसका विवरण नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम (NSWS) पोर्टल पर पी-II प्रोफॉर्मा में दर्ज करना होगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन नहीं करने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।


















