नई दिल्ली : मॉर्गन स्टैनली की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत घरेलू मांग और उच्च-आवृत्ति संकेतकों में सुधार से बनी हुई है, लेकिन बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव महत्वपूर्ण जोखिम उत्पन्न कर रहे हैं, जिनमें ‘स्टैगफ्लेशन’ (उच्च मुद्रास्फीति, धीमी आर्थिक विकास दर और उच्च बेरोजगारी ) की संभावना भी शामिल है।रिपोर्ट में कहा गया है कि, घरेलू मांग अभी भी मजबूत बनी हुई है; हालांकि, जारी भू-राजनीतिक तनाव से स्टैगफ्लेशन का खतरा बढ़ रहा है। रिपोर्ट में यह भी जोड़ा गया कि, फिलहाल मैक्रोइकोनॉमिक स्थिरता संकेतक अनुकूल हैं, लेकिन लंबी अवधि में विघटन वृद्धि को प्रभावित कर सकता है और मैक्रो स्थिरता को बिगाड़ सकता है।
रिपोर्ट में हाइलाइट किए गए उच्च-आवृत्ति संकेतक अर्थव्यवस्था में व्यापक मजबूती का संकेत देते हैं। ऑटो बिक्री में व्यापक सुधार देखा गया है, जबकि क्रेडिट ग्रोथ भी सुधर रही है, जिससे लगातार खपत और ऋण गतिविधि का संकेत मिलता है। इसके अलावा, रिपोर्ट में कहा गया कि जीएसटी संग्रह मजबूत बने हुए हैं, जो स्थिर आर्थिक गतिविधि को दर्शाता है, और मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई में सुधार हुआ है, जबकि सर्विसेज पीएमआई में थोड़ी गिरावट आई है, जो सेवा क्षेत्र में कुछ मंदी का संकेत देती है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि, सीवाई 2025 और सीवाईटीडी 26 में श्रम बाजार की स्थिति में सुधार के संकेत हैं, और बीएसई-500 कंपनियों में कर्मचारी खर्च में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है, जो रोजगार परिस्थितियों के मजबूत होने की ओर इशारा करता है। कॉर्पोरेट प्रदर्शन स्थिर बना हुआ है, दिसंबर 2025 तिमाही में कॉर्पोरेट राजस्व स्थिर रहा, और वित्तीय वर्ष 2027 में नाममात्र वृद्धि में सुधार की उम्मीद है।
अर्थव्यवस्था में वित्तीय प्रवाह भी सहायक बने हुए हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि, मासिक एसआईपी प्रवाह उत्साहजनक हैं, जो खुदरा निवेशकों की भागीदारी को दर्शाते हैं, और वाणिज्यिक क्षेत्र में फंड प्रवाह स्वस्थ बना हुआ है, जो व्यवसायों के लिए पर्याप्त क्रेडिट उपलब्धता का संकेत देता है। नीति के मोर्चे पर, भारतीय रिजर्व बैंक ने तरलता बनाए रखने के लिए सक्रिय कदम उठाए हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि, आरबीआई ने सक्रिय तरलता प्रबंधन किया है, नीति दर वर्तमान में 5.25 प्रतिशत है, और अंतरबैंक तरलता अधिशेष में बनी हुई है, जिससे प्रणाली में पर्याप्त तरलता सुनिश्चित होती है।
हालांकि, रिपोर्ट ने चेतावनी दी कि भारत बाहरी जोखिमों के प्रति संवेदनशील बना हुआ है। भारत वैश्विक कमोडिटी कीमतों, विशेषकर ऊर्जा में अस्थिरता के प्रति संवेदनशील है।मध्य पूर्व भारत के बाहरी क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि कुल निर्यात का लगभग 15 प्रतिशत मध्य पूर्व को जाता है, जबकि भारत की रेमिटेंस का 38 प्रतिशत मध्य पूर्व से आता है।


















