चीनी निर्यात प्रतिबंध से पुराने निर्यात समझौतों पर असर संभव, घरेलू आपूर्ति को लेकर सरकार सतर्क : ISMA

नई दिल्ली : इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) ने केंद्र सरकार द्वारा चीनी निर्यात को तत्काल प्रभाव से 30 सितंबर 2026 तक “प्रतिबंधित” श्रेणी में डालने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि, इससे पहले से किए गए निर्यात समझौतों को पूरा करने में व्यावहारिक दिक्कतें आ सकती हैं। ‘इस्मा’ के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, नवंबर 2025 में सरकार ने उस समय के उत्पादन अनुमान और बेहतर चीनी सीजन की उम्मीदों के आधार पर निर्यात की अनुमति दी थी। उन्होंने बताया कि, जैसे-जैसे सीजन आगे बढ़ा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश जैसे प्रमुख राज्यों में अपेक्षा से कम उत्पादन और मौसम संबंधी असामान्य परिस्थितियों के कारण चीनी उत्पादन प्रभावित हुआ। इससे कुल उत्पादन में कमी देखने को मिली।

बल्लानी ने कहा कि, 2025-26 का चीनी सीजन फिलहाल संतुलित स्थिति में है और सीजन के अंत तक देश में पर्याप्त चीनी भंडार बने रहने की संभावना है। ‘इस्मा’ के अनुसार, अब तक लगभग 6.5 लाख टन चीनी का निर्यात पूरा किया जा चुका है, जबकि 40 हजार से 60 हजार टन चीनी पहले से हुए समझौतों के तहत निर्यात प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि, घरेलू आपूर्ति की बदलती स्थिति और 2026-27 सीजन को लेकर जलवायु संबंधी अनिश्चितताओं, खासकर मानसून के दौरान वर्षा वितरण को लेकर चिंताओं को देखते हुए सरकार ने एहतियाती कदम उठाया है ताकि देश में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हालांकि, इस्मा ने सुझाव दिया कि पहले से किए गए निर्यात अनुबंधों को पूरा करने की अनुमति दी जानी चाहिए। इससे वैश्विक बाजार में भारतीय आपूर्तिकर्ताओं की विश्वसनीयता बनी रहेगी और व्यापारिक समझौतों का व्यवस्थित निपटान हो सकेगा। गौरतलब है कि, केंद्र सरकार ने बुधवार को कच्ची चीनी, सफेद चीनी और रिफाइंड चीनी के निर्यात को “प्रतिबंधित” श्रेणी में डालते हुए तत्काल प्रभाव से 30 सितंबर 2026 तक निर्यात पर रोक लगा दी थी। यह अधिसूचना वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत विदेशी व्यापार महानिदेशालय (DGFT) द्वारा जारी की गई।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि, यूरोपीय संघ और अमेरिका को CXL और TRQ कोटा के तहत होने वाले निर्यात तथा एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम के अंतर्गत होने वाली शिपमेंट पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। इसके अलावा, जिन खेपों की लोडिंग अधिसूचना जारी होने से पहले शुरू हो चुकी थी या जिन्हें पहले ही सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया था, उन्हें निर्यात की अनुमति दी जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here