नई दिल्ली: भारत का चीनी क्षेत्र वित्त वर्ष 2027 तक और संभवतः उसके बाद भी कम आपूर्ति की स्थिति में रह सकता है।कम चीनी भंडार, मौसम संबंधी जोखिम और वैश्विक बाजार में मजबूत कीमतों के कारण घरेलू चीनी कीमतों के ऊंचे बने रहने की संभावना है। यह अनुमान डीएएम कैपिटल (DAM Capital) एडवाइजर्स की एक शोध रिपोर्ट में लगाया गया है। ब्रोकरेज के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को शुरू होने वाले 2026-27 चीनी सत्र की शुरुआत में चीनी का भंडार करीब 30 लाख टन रह सकता है। यह मात्रा देश की केवल लगभग 35 दिनों की खपत के लिए पर्याप्त होगी और पिछले एक दशक में सबसे कम शुरुआती स्टॉक होगी।
डीएएम कैपिटल ने 2026-27 चीनी सत्र (SS27) में चीनी उत्पादन करीब 2.9 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, बारिश की कमी से गन्ने की पैदावार प्रभावित हो सकती है। वहीं, चीनी मिलों में पेराई जल्द शुरू होने पर चीनी की रिकवरी दर में और गिरावट आ सकती है। डीएएम कैपिटल ने कहा कि बारिश की कमी SS27 में गन्ने की पैदावार के लिए खतरा पैदा कर सकती है और पेराई जल्दी शुरू होने से रिकवरी घट सकती है। इससे कम से कम अगले 15 महीनों तक चीनी आपूर्ति में कमी बनी रहने की संभावना है।
दो चीनी सत्रों तक अल नीनो का असर संभव
चीनी उद्योग के लिए मौसम की स्थिति महत्वपूर्ण बनी रहेगी। ब्रोकरेज का अनुमान है कि, अल नीनो का प्रभाव लगातार दो चीनी सत्रों तक रह सकता है और इसका असर SS27 तथा SS28 दोनों पर पड़ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, 2026 मजबूत अल नीनो वर्ष साबित हो सकता है और SS27 में गन्ने की पैदावार प्रभावित होने की संभावना है। SS28 में जोखिम और व्यापक हो सकते हैं। इस दौरान गन्ने का खेती क्षेत्र और उत्पादन दोनों घटने की संभावना जताई गई है।इससे चीनी मिलों और गुड़ तथा खांडसारी इकाइयों के बीच गन्ने की खरीद को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है।
एथेनॉल उत्पादन पर भी पड़ेगा असर
चीनी की तंग आपूर्ति का असर एथेनॉल उत्पादन पर भी पड़ने की आशंका है। डीएएम कैपिटल के अनुसार, चीनी की उपलब्धता कम होने की स्थिति में SS27 के दौरान गन्ने के रस और बी-हेवी शीरे से एथेनॉल उत्पादन को सीमित करना पड़ सकता है। इसके बजाय सरकार के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में मक्का, भारतीय खाद्य निगम (FCI) के चावल और टूटे चावल पर अधिक निर्भरता बढ़ सकती है। डीएएम कैपिटल ने शराब उद्योग की जरूरतों सहित कुल इथेनॉल मांग करीब 14.5 अरब लीटर रहने का अनुमान लगाया है। इसमें लगभग 11.5 अरब लीटर अनाज आधारित इथेनॉल और करीब 2.9 अरब लीटर सी-हेवी शीरे से बनने वाले एथेनॉल से आने की उम्मीद है।हालांकि, मक्का और टूटे चावल पर अधिक निर्भरता से अनाज की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, सरकार एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए FCI के अतिरिक्त चावल भंडार का इस्तेमाल कर सकती है। डीएएम कैपिटल ने कहा कि, फिलहाल FCI के पास मौजूद चावल का स्टॉक सामान्य बफर आवश्यकता से करीब तीन गुना है।
वैश्विक बाजार से भी मिल सकता है चीनी कीमतों को सहारा
वैश्विक चीनी बाजार की स्थिति भी भारत में कीमतों को ऊंचा बनाए रखने में मदद कर सकती है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि वैश्विक कच्ची चीनी की कीमतें मजबूत बनी रहेंगी।इसका एक कारण ब्राजील हो सकता है, जो दुनिया का सबसे बड़ा चीनी निर्यातक है। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण ब्राजील अधिक गन्ने को इथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ सकता है। इससे वैश्विक बाजार में चीनी की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। डीएएम कैपिटल के अनुसार, ब्राजील द्वारा गन्ने को इथेनॉल की ओर अधिक मोड़े जाने के कारण वैश्विक कच्ची चीनी की कीमतें मजबूत रह सकती हैं। कुल मिलाकर, कम शुरुआती स्टॉक, मौसम संबंधी व्यवधान, अल नीनो और वैश्विक बाजार में मजबूत कीमतों के कारण वित्त वर्ष 2027 तक चीनी की आपूर्ति तंग रहने और कीमतों को समर्थन मिलने की संभावना है। ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि यदि मौसम संबंधी व्यवधान बार-बार जारी रहे, तो चीनी की आपूर्ति में कमी अगले चीनी सत्र से आगे भी बढ़ सकती है।


















