वैश्विक आपूर्ति की चिंता और कमजोर बारिश से चीनी के दाम चढ़े, भारत में एक महीने में करीब 10% की बढ़ोतरी

नई दिल्ली : वैश्विक और भारतीय बाजारों में चीनी की कीमतों में तेज उछाल आया है। प्रमुख चीनी उत्पादक क्षेत्रों में उत्पादन को लेकर चिंता और 2026-27 सीजन में वैश्विक स्तर पर चीनी की कमी की आशंका ने कीमतों को समर्थन दिया है। CNBC-TV18 की रिपोर्ट के अनुसार, बाजार में तेजी बनी हुई है। कच्ची चीनी (Raw Sugar) की कीमत बढ़कर एक साल के उच्चतम स्तर 16.6 सेंट प्रति पाउंड तक पहुंच गई है। वहीं, सफेद चीनी की कीमत भी 15 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। भारत में पिछले एक महीने के दौरान चीनी की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

बाजार से जुड़े कारोबारी और विशेषज्ञ ब्राजील, थाईलैंड और यूरोपीय संघ जैसे प्रमुख चीनी उत्पादक क्षेत्रों में उत्पादन की संभावनाओं पर नजर बनाए हुए हैं। अक्टूबर-सितंबर 2026-27 सीजन में वैश्विक स्तर पर चीनी की कमी (शुगर डेफिसिट) रहने की आशंका ने कीमतों पर और ऊपर की ओर दबाव बढ़ाया है। घरेलू बाजार में मुंबई में चीनी के भाव फिलहाल 5,000 से 5,090 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बताए जा रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार, कम बारिश की चिंता ने चीनी की कीमतों में अतिरिक्त प्रीमियम जोड़ दिया है। इसके अलावा आगामी त्योहारी सीजन से पहले मांग बढ़ने की उम्मीद भी कीमतों को समर्थन दे रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद सरकार ने पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और सट्टेबाजी पर रोक लगाने के लिए निगरानी एवं नियंत्रण के उपाय तेज कर दिए हैं। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने चीनी मिलों को निर्देश दिया है कि, बिक्री पूरी होने के सात दिनों के भीतर चीनी का स्टॉक भेजना (डिस्पैच करना) अनिवार्य होगा। यह आदेश 30 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा। सरकार के अनुसार, कुछ मामलों में चीनी मिलें महीने की शुरुआत में बिक्री पूरी कर लेती थीं, लेकिन स्टॉक की आपूर्ति महीने के अंत तक टाल देती थीं। सरकार का कहना है कि इस तरह की देरी से कृत्रिम कमी पैदा हो सकती है और सट्टेबाजी के लिए खरीदारी को बढ़ावा मिल सकता है। निर्देश का पालन नहीं करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

अधिकारी चीनी मिलों में भौतिक निरीक्षण भी जारी रखेंगे। इसका उद्देश्य मिलों में मौजूद वास्तविक स्टॉक की स्थिति की पुष्टि करना और बाजार में चीनी की आपूर्ति पर नजर रखना है। हाल ही में भी चीनी मिलों के स्टॉक का आकलन करने और सरकार के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया गया था। सरकार ने इससे पहले जुलाई में कारोबारियों के लिए स्टॉक रखने की सीमा लागू करने का फैसला किया था। यह सीमा अगस्त से चार महीने के लिए लागू की गई, जिसका उद्देश्य चीनी का अत्यधिक भंडारण रोकना और बाजार में आपूर्ति को स्थिर बनाए रखना है।

उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि, यदि घरेलू चीनी की कीमतों में तेजी जारी रहती है, तो सरकार के पास कई विकल्प हो सकते हैं। इनमें,अक्टूबर से इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के इस्तेमाल पर रोक या सीमा लगाना। गन्ने के पेराई सीजन की शुरुआत पहले करना। चीनी मिलों के लिए साप्ताहिक बिक्री कोटा लागू करना। बिना शुल्क (ड्यूटी-फ्री) चीनी आयात की अनुमति देना, जैसे कदम शामिल हो सकते हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here