त्योहारी सीजन से पहले चीनी के दामों में उछाल, पैकेज्ड फूड कंपनियों के मुनाफे पर बढ़ा दबाव

नई दिल्ली : त्योहारी सीजन से ठीक पहले चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी ने पैकेज्ड फूड कंपनियों की चिंता बढ़ा दी है। चीनी के दाम बढ़ने से कंपनियों की उत्पादन लागत बढ़ने का खतरा है, जिससे उनके मुनाफे पर दबाव पड़ सकता है। ‘मिंट’ की रिपोर्ट के अनुसार, पैकेज्ड फूड उद्योग हाल के वर्षों में कमजोर लाभप्रदता से उबरने की कोशिश कर रहा है और ऐसे समय में चीनी की कीमतों में तेज वृद्धि उसके लिए एक नई चुनौती बन गई है।

मिंट के विश्लेषण के मुताबिक, चीनी से जुड़े उत्पादों में महत्वपूर्ण कारोबार रखने वाली सात उपभोक्ता कंपनियों की जून तिमाही में कच्चे माल की लागत में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इन कंपनियों का ऑपरेटिंग मार्जिन घटकर चार वर्षों के निचले स्तर 22.2 प्रतिशत पर आ गया। यह स्तर रूस-यूक्रेन युद्ध के चरम के दौरान दर्ज मार्जिन से भी कम है। इन कंपनियों का संयुक्त शुद्ध मुनाफा भी 7 प्रतिशत घटा है। इन सात कंपनियों में से छह—ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, नेस्ले इंडिया, वरुण बेवरेजेज, आईटीसी और डाबर समेत—निफ्टी FMCG इंडेक्स का हिस्सा हैं। उद्योग विशेषज्ञों के मुताबिक, कंपनियां पहले से ही कच्चे तेल से जुड़े महंगे कच्चे माल और पश्चिम एशिया में युद्ध के बाद आपूर्ति बाधित होने के कारण पैकेजिंग लागत में 30 से 40 प्रतिशत की वृद्धि का सामना कर रही हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

दो महीने में 40% बढ़े चीनी के दाम

सितंबर तिमाही में स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है, क्योंकि पिछले सिर्फ दो महीनों में चीनी की कीमतों में करीब 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सरकार ने इस तेज बढ़ोतरी के पीछे प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश और फसल संबंधी बीमारियों के कारण हुई आपूर्ति की कमी को जिम्मेदार बताया है। इसके अलावा कुछ मात्रा में गन्ने का इस्तेमाल एथेनॉल उत्पादन के लिए भी किया जा रहा है। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025-26 में चीनी उत्पादन का अनुमान घटकर 3.06 करोड़ टन रह गया है। यह शुरुआती अनुमान 3.43 करोड़ टन से करीब 11 प्रतिशत कम है। रेटिंग एजेंसी ICRA का अनुमान है कि सितंबर तक चीनी का भंडार घटकर 43 लाख टन रह सकता है, जबकि एक साल पहले यह 53 लाख टन था। इसका मतलब है कि त्योहारी सीजन से पहले देश के पास दो महीने से भी कम खपत का स्टॉक बच सकता है।

कंपनियों के मार्जिन पर और दबाव की आशंका

विश्लेषकों का मानना है कि, चीनी की कमी से पैकेज्ड फूड कंपनियों के मार्जिन पर और दबाव पड़ सकता है। सैमको सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च एनालिस्ट सौरव चौबे के अनुसार, प्रभावित कंपनियों के ग्रॉस मार्जिन में 50 से 80 बेसिस प्वाइंट तक गिरावट आ सकती है। वहीं EBITDA मार्जिन पर 20 से 50 बेसिस प्वाइंट तक दबाव पड़ने की संभावना है।चौबे के मुताबिक, कंपनियां कीमतों में योजनाबद्ध बढ़ोतरी, पैकेट में उत्पाद की मात्रा कम करने और विज्ञापन खर्च घटाने जैसे उपायों से लागत के असर को कुछ हद तक कम कर सकती हैं। हालांकि, बढ़ी हुई लागत का पूरा बोझ ग्राहकों पर डालना कंपनियों के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि पिछले कुछ महीनों में कई पैकेज्ड फूड उत्पाद पहले ही महंगे हो चुके हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here