नई दिल्ली : प्रतिष्ठित चिकित्सा पत्रिका ‘द लैंसेट ग्लोबल हेल्थ’ में प्रकाशित एक नए अध्ययन में खुलासा हुआ है कि, एशियाई देशों में शर्करा युक्त पेयों (शुगर-स्वीटेंड बेवरेजेज़) पर लगाए जा रहे करों का मुख्य कारण इन पेयों की खपत नहीं, बल्कि टाइप-2 मधुमेह और मोटापे जैसी गैर-संचारी बीमारियों (एनसीडी) का बढ़ता बोझ है।अमेरिका के टफ्ट्स विश्वविद्यालय स्थित फूड इज़ मेडिसिन इंस्टीट्यूट द्वारा किए गए इस अध्ययन के अनुसार, सरकारें स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ते खर्च और उत्पादकता में होने वाले नुकसान को कम करने के लिए ऐसे कर संबंधी नीतिगत कदम तेजी से अपना रही हैं।
आउटलुक में प्रकाशित इस खबर के अनुसार, 183 देशों में ‘शर्करा कर’ की स्थिति का व्यवस्थित विश्लेषण करने वाले इस अध्ययन में पाया गया कि, दक्षिण एशिया इस मामले में दुनिया में सबसे आगे है, जहां लगभग 50 प्रतिशत देशों ने शर्करा युक्त पेयों पर कर लागू किया है। इसके बाद दक्षिण-पूर्व और पूर्वी एशिया का स्थान है, जहां करीब 48 प्रतिशत देशों में ऐसी व्यवस्था लागू है। इसके विपरीत, मध्य और पूर्वी यूरोप में ऐसे करों की स्वीकार्यता काफी कम है।शोधकर्ताओं के अनुसार, यह अध्ययन दर्शाता है कि मीठे पेयों का सेवन अब केवल जीवनशैली से जुड़ा मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि यह गैर-संचारी रोगों का प्रमुख कारण बन चुका है, विशेषकर निम्न और मध्यम आय वाले देशों में, जहां स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पहले से ही दबाव में हैं।
अध्ययन की प्रमुख शोधकर्ता लिज़बेथ मोरेनो लोएज़ा ने बताया कि, आश्चर्यजनक रूप से किसी देश में मीठे पेयों की खपत और उन पर कर लगाने के निर्णय के बीच कोई महत्वपूर्ण संबंध नहीं पाया गया। इसके बजाय, जहां मधुमेह और मोटापे की दर अधिक है, वहां सरकारें शर्करा कर लागू करने की अधिक संभावना रखती हैं।अध्ययन में यह भी पाया गया कि जिन देशों में सामाजिक और स्वास्थ्य विकास का स्तर अपेक्षाकृत बेहतर है, वहां शर्करा कर लागू करने की संभावना कम होती है। इसका कारण मजबूत स्वास्थ्य प्रणालियां और आहार संबंधी बीमारियों की अपेक्षाकृत कम दरें मानी गई हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि, यह अध्ययन भारत जैसे देशों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जहां तेजी से हो रहे शहरीकरण, बदलती खानपान की आदतों और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड पेयों के बढ़ते प्रचार-प्रसार के कारण मधुमेह, मोटापा और अन्य चयापचय संबंधी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं।अध्ययन में उद्धृत 2025 के एक विश्लेषण के अनुसार, दुनिया भर में हर वर्ष लगभग 22 लाख नए मधुमेह और 12 लाख हृदय रोग के मामलों के लिए शर्करा युक्त पेय जिम्मेदार हैं। भारत, जहां पहले से ही दुनिया की सबसे बड़ी मधुमेह आबादी में से एक मौजूद है, वहां पैकेज्ड शीतल पेय, ऊर्जा पेय और मीठे जूस का सेवन विशेष रूप से युवाओं और शहरी आबादी में तेजी से बढ़ रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में लगभग आधी वैश्विक आबादी किसी न किसी प्रकार के शर्करा कर के दायरे में आ चुकी है। हालांकि, अधिकांश देशों में कर की दरें अपेक्षाकृत कम हैं और केवल कुछ देशों ने कर को पेयों में मौजूद वास्तविक शर्करा की मात्रा से जोड़ा है। शोधकर्ताओं का मानना है कि शर्करा की मात्रा आधारित कर व्यवस्था कंपनियों को अपने उत्पादों में चीनी कम करने के लिए अधिक प्रभावी ढंग से प्रेरित कर सकती है।
अध्ययन में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि केवल 13 प्रतिशत देश ही शर्करा कर से प्राप्त राजस्व को स्वास्थ्य कार्यक्रमों में निवेश करते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि इस राजस्व का उपयोग मधुमेह रोकथाम, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं और जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए किया जाए तो इसके लाभ कई गुना बढ़ सकते हैं।स्वास्थ्य अर्थशास्त्रियों का मानना है कि भारत जैसे देशों में, जहां युवा आबादी बड़ी है और खानपान की आदतें तेजी से बदल रही हैं, शर्करा कर भविष्य में गैर-संचारी रोगों के बढ़ते बोझ को कम करने का प्रभावी साधन बन सकता है। अध्ययन का निष्कर्ष है कि बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच शर्करा कर अब केवल राजस्व जुटाने का माध्यम नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य हस्तक्षेप बन चुका है।


















