उत्तर प्रदेश में की जा रही गन्ने की खेती एवं नवाचार प्रक्रिया को समझा फिजी के गन्ना किसानों ने 

फिजी देश के 16 प्रगतिशील गन्ना किसानों ने गन्ना विकास विभाग, मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आज लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के सभागार में बैठक की। फिजी से आये प्रतिनिधि मंडल के साथ आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता श्री प्रणय सिंह, अपर गन्ना आयुक्त(प्रशासन) द्वारा की गई।

प्रतिनिधि मंडल को सम्बोधित करते हुए श्री प्रणय सिंह ने कहा कि गन्ना विकास विभाग द्वारा अपने हितधारकों के पक्ष में निरन्तर कड़ी मेहनत की गई जिसका प्रतिफल है कि विभाग द्वारा गन्ना उत्पादन, गन्ना पेराई, चीनी उत्पादन, चीनी परता एवं गन्ना मूल्य भुगतान आदि के क्षेत्र में ऐतिहासिक रिकार्ड दर्ज किये हैं। उन्होंने एस्क्रो एकाउन्ट, स्मार्ट गन्ना किसान(एस.जी.के.) आदि के क्षेत्र में हुए क्रांतिकारी परिवर्तनों से प्रतिनिधि मंडल को अवगत कराया तथा फिजी देश में गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग के विषय में प्रतिनिधि मंडल से विस्तृत संवाद किया।

बैठक में प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों द्वारा फिजी देश में चीनी उद्योग के समक्ष आ रही कठिनाईयों, तकनीकी चुनौतियों, प्रायोगिक ज्ञान की सीमाओं, अनुसंधान प्रविधि, गन्ना आपूर्ति इत्यादि विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रतिनिधि मंडल ने गन्ना विकास, राज्य परामर्शित गन्ना मूल्य निर्धारण प्रक्रिया, सहकारी गन्ना विकास समितियों की कार्य प्रणाली, ई-गन्ना ऐप, गन्ना शोध आदि के बारे में विस्तृत विचार-विमर्श कर जानकारी ली।

फिजी से आये 16 प्रगतिशील गन्ना किसानों, 02 परिषद सदस्यों एवं जनरल मैनेजर ऑपरेशन्स श्री सुनील देव चौधरी (टीम लीडर) के साथ राष्ट्रीय शर्करा संस्थान, कानपुर के नोडल अधिकारी श्री बृजेश सिंह, टेक्निकल ऑफिसर द्वारा बैठक में प्रतिभाग किया गया।

इस बैठक में श्री वी.के. शुक्ल, अपर गन्ना आयुक्त(विकास) ने गन्ना विकास की प्रक्रिया यथा-जिला योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, पंचामृत योजना, महिला स्वयं सहायता समूह एवं गन्ना प्रजाति के बारे में विस्तृत चर्चा की। इसी क्रम में श्री विश्वेश कनौजिया, अपर गन्ना आयुक्त(क्रय) द्वारा उ.प्र. गन्ना (पूर्ति एवं खरीद विनियमन) अधिनियम, 1953 से सम्बन्धित नियमावली 1954, गन्ना सर्वेक्षण, चीनी मिलों की पेराई क्षमता, गन्ना एवं चीनी उत्पादन, ऐस्क्रो एकाउन्ट मैकेनिज्म, जले गन्ने की आपूर्ति एवं गन्ना मूल्य भुगतान की प्रक्रिया के संबंध में फिजी के किसानों के साथ नियम संगत प्रस्तुतीकरण किया। श्री आर.डी. द्विवेदी, उप गन्ना आयुक्त(समिति) ने स्मार्ट गन्ना किसान(एस.जी.के.), ई-गन्ना ऐप पोर्टल के माध्यम से पर्ची निर्गमन एवं गन्ना आपूर्ति की व्यवस्था पर विस्तृत प्रकाश भी डाला।

बैठक के अन्त में श्री प्रणय सिंह, अपर गन्ना आयुक्त(प्रशासन) ने अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में प्रतिनिधि मण्डल को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए गन्ना विकास विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से सहयोग प्रदान करने का आस्वासन भी दिया। कार्यक्रम का संचालन  श्री विश्वेश कनौजिया, अपर गन्ना आयुक्त(क्रय) द्वारा किया गया। इस बैठक में गन्ना विकास विभाग, मुख्यालय के समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here