पटना : बिहार में गन्ना किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि, राज्य में 25 नई अत्याधुनिक चीनी मिलों की स्थापना और वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने का फैसला किसानों की तकदीर बदलने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि, एनडीए सरकार गन्ना किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। सात निश्चय-3 योजना के तहत यह पहल बिहार में रोजगार, उद्योग और खेती—तीनों क्षेत्रों को नई दिशा देगी। मंगल पांडेय ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि यह कदम आत्मनिर्भर भारत, किसान कल्याण और विकसित भारत 2047 के संकल्प को जमीन पर उतारने का काम करेगा।
उन्होंने कहा कि, एक समय बिहार देश का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक राज्य हुआ करता था। मोतिहारी, लौरिया, सुगौली, रीगा, मझौलिया और सासामुसा की चीनी मिलों की पहचान पूरे देश में थी। यहां की चीनी की मिठास दूर-दूर तक पहुंचती थी। मंगल पांडेय ने आरोप लगाया कि, 1990 के बाद गलत नीतियों और भ्रष्टाचार के कारण राज्य की 28 चीनी मिलें बंद हो गईं। इसका असर लाखों किसानों और मजदूर परिवारों पर पड़ा। गन्ना किसानों को अपनी फसल लेकर दूसरे राज्यों की मिलों के चक्कर लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी और सिवान जैसे गन्ना उत्पादक इलाकों में अब फिर से विकास की उम्मीद जगी है। नई चीनी मिलों के शुरू होने से किसानों को बेहतर बाजार, समय पर भुगतान और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।


















