लखनऊ (उत्तर प्रदेश): समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को घोषणा की कि, 2027 में सपा की सरकार बनने पर गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान किया जाएगा। इसके लिए 15,000 करोड़ रुपये का ‘किसान रिवॉल्विंग फंड’ बनाया जाएगा। नवभारत में प्रकाशित खबर के अनुसार, यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में यह ऐलान किया। यह बयान उत्तर प्रदेश में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन के एक दिन बाद आया।
यादव ने कहा कि, जैसे ही किसान के हाथ में पर्ची आएगी, वैसे ही उनके खाते में भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, इसके लिए हम 15,000 करोड़ रुपये का ‘किसान रिवॉल्विंग फंड’ बनाएंगे, जिससे किसान को भुगतान के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पर्ची मिलते ही भुगतान होगा। “सपा प्रमुख ने किसानों के कर्ज माफी का भी वादा किया और कहा कि इसके लिए कानून बनाया जाएगा। साथ ही फसल बीमा, मुफ्त सिंचाई और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करने की भी घोषणा की।


















