चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सोमवार को गन्ना किसानों के लिए 709.50 रुपये प्रति टन अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस निर्णय के बाद राज्य की चीनी मिलों को आपूर्ति किए जाने वाले गन्ने का कुल खरीद मूल्य बढ़कर 4,000 रुपये प्रति टन हो गया है। विधानसभा में नियम 110 के तहत बयान देते हुए मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि, केंद्र सरकार ने गन्ने का मूल्य 3,290.50 रुपये प्रति टन निर्धारित किया है, जबकि राज्य सरकार किसानों को 709.50 रुपये प्रति टन अतिरिक्त प्रोत्साहन प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, इस फैसले का उद्देश्य गन्ना किसानों की आय बढ़ाना और उनके आर्थिक हितों की रक्षा करना है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि तमिलनाडु के इतिहास में पहली बार गन्ने का कुल खरीद मूल्य 4,000 रुपये प्रति टन के स्तर को पार कर गया है। मुख्यमंत्री विजय ने धान उत्पादकों के लिए भी प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की घोषणा की। राज्य सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अतिरिक्त उत्तम किस्म के धान पर 289 रुपये प्रति क्विंटल और सामान्य किस्म के धान पर 150 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त प्रोत्साहन देगी।
नई दरों के अनुसार किसानों को उत्तम किस्म के धान के लिए 2,750 रुपये प्रति क्विंटल और सामान्य किस्म के धान के लिए 2,600 रुपये प्रति क्विंटल प्राप्त होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि सामान्य किस्म के धान पर 150 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त प्रोत्साहन देने की घोषणा भी पहली बार की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनके कल्याण के लिए आगे भी ऐसे कदम उठाती रहेगी।


















