इरोड: गन्ना किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग और वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आईसीएआर-गन्ना प्रजनन संस्थान (ICAR-Sugarcane Breeding Institute) ने बन्नारी अम्मन शुगर्स लिमिटेड के सहयोग से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम इरोड जिले के अलाथुकोम्बई गांव में संस्थान की ‘मेरा गांव, मेरा गौरव’ पहल के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिक तरीके से पोषक तत्व और कृषि संसाधनों के प्रबंधन की जानकारी दी गई।
आईसीएआर-एसबीआई के प्रधान वैज्ञानिक एवं एमजीएमजी टीम लीडर डी. पुथिरा प्रताप ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, गन्ना खेती में संतुलित उर्वरक उपयोग की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि उर्वरक खपत के मामले में तमिलनाडु देश में 13वें स्थान पर है, जबकि राज्य के जिलों में इरोड पांचवें स्थान पर आता है।उन्होंने किसानों से टिकाऊ खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि, रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भरता कम करनी चाहिए। इसके विकल्प के रूप में जैव उर्वरक, वर्मी कम्पोस्ट और गोबर की खाद जैसे प्राकृतिक पोषक स्रोतों का उपयोग बढ़ाना जरूरी है, जिससे मिट्टी की उर्वरता और पोषक तत्वों की उपयोग क्षमता बेहतर हो सके।
आईसीएआर-एसबीआई की वैज्ञानिक एस. अनुषा ने किसानों को बताया कि नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश उर्वरकों का असंतुलित और अत्यधिक उपयोग मिट्टी की सेहत और गन्ना उत्पादन दोनों पर नकारात्मक असर डालता है। कार्यक्रम के दौरान किसानों को “जीवामृत” तैयार करने का लाइव प्रदर्शन भी दिखाया गया। जीवामृत एक पारंपरिक जैविक उर्वरक है, जिसे गोबर, गौमूत्र, गुड़, दाल के आटे, मिट्टी और पानी के मिश्रण से तैयार किया जाता है। विशेषज्ञों ने बताया कि इसका उपयोग मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और फसल उत्पादन बढ़ाने में मददगार साबित हो सकता है।


















