बेंगलुरु : चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी ने कर्नाटक के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। छात्रों को सप्ताह में छह दिन रागी माल्ट उपलब्ध कराने के लिए शिक्षकों को अपनी जेब से अतिरिक्त पैसा खर्च करना पड़ रहा है।डेक्कन हेराल्ड में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस महीने कुछ ही हफ्तों में चीनी की कीमत करीब 45-48 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 65-75 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं, सरकार अब भी स्कूलों को चीनी की खरीद के लिए 32 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से फंड उपलब्ध करा रही है। यह दर एक दशक से भी अधिक समय पहले तय की गई थी।
शिक्षकों को अपनी जेब से भरना पड़ रहा अतिरिक्त पैसा
शिक्षकों का कहना है कि, सरकार द्वारा मंजूर राशि और बाजार में चीनी की मौजूदा कीमत के बीच का अंतर प्रधानाध्यापक या मिड-डे मील योजना के प्रभारी शिक्षक को अपनी जेब से भरना पड़ता है, ताकि छात्रों को रागी माल्ट नियमित रूप से मिलता रहे। शिवमोग्गा शहर के एक सरकारी हाई स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक ने डेक्कन हेराल्ड को बताया कि, स्कूल में करीब 260 विद्यार्थी हैं, जिनमें लगभग 220 छात्र नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहते हैं। स्कूल में रागी माल्ट तैयार करने के लिए प्रतिदिन करीब 2 किलोग्राम चीनी की जरूरत होती है। शिक्षक आमतौर पर हर सप्ताह चीनी खरीदते हैं, क्योंकि बड़ी मात्रा में चीनी का भंडारण करना मुश्किल होता है। इसके अलावा उन्हें छात्रों की पसंद के अनुसार रोजाना अंडा या केला उपलब्ध कराने और उपस्थिति तथा भोजन से संबंधित रिकॉर्ड बनाए रखने की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ती है।
शिक्षकों ने खरीद व्यवस्था से हटाने की मांग की
एक शिक्षक ने कहा, “हम सरकार से अनुरोध करते हैं कि शिक्षकों को खाद्य सामग्री खरीदने के इन कामों से मुक्त किया जाए, ताकि वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकें। मिड-डे मील की जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षक शैक्षणिक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे हैं।” दावणगेरे के एक अन्य सरकारी स्कूल के शिक्षक ने बताया कि बाजार की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद शिक्षकों को स्थानीय दुकानों से अंडे, केले और चीनी खरीदनी पड़ती है। इसके साथ ही वे छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए भी जिम्मेदार होते हैं।
एजेंसी के माध्यम से खरीद और आपूर्ति की मांग
शिक्षकों ने सुझाव दिया है कि सरकार चीनी, अंडे और केले की खरीद व आपूर्ति की जिम्मेदारी किसी एजेंसी को सौंपे।शिक्षकों के अनुसार, एक एजेंसी पहले से ही सरकारी स्कूलों में तूर दाल, खाना पकाने का तेल और अन्य खाद्य सामग्री की आपूर्ति कर रही है। ऐसे में उसी एजेंसी की जिम्मेदारी बढ़ाकर चीनी और अंडे की आपूर्ति भी कराई जा सकती है। शिक्षकों का कहना है कि इससे उनकी आर्थिक परेशानी कम होगी, उन्हें पढ़ाई पर अधिक ध्यान देने का समय मिलेगा और मिड-डे मील के लिए जारी धन के दुरुपयोग की संभावना भी कम हो सकती है।
शिक्षा विभाग ने समस्या को माना
स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के शिक्षा अधिकारी और अक्षरा दासोहा के प्रभारी महेश पुजार ने स्वीकार किया कि, चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण शिक्षकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा, हाल ही में हुई बैठक में यह मुद्दा विभाग के आयुक्त के संज्ञान में लाया गया है। सरकार इस संबंध में जल्द ही उचित कदम उठाने की संभावना है।


















