नई दिल्ली/मुंबई : अल नीनो के प्रभाव, भीषण गर्मी और कम बारिश के कारण दुनिया के कई प्रमुख चीनी उत्पादक क्षेत्रों में गन्ने की फसल प्रभावित हुई है। द न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित खबर में कहा गया है की, भारत में गन्ने की कमजोर पैदावार से चीनी की कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है। इसका असर किसानों, आम उपभोक्ताओं और देश की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े लक्ष्यों पर भी पड़ रहा है।दुनिया में चीनी की कीमतों में तेजी आई है। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के अनुसार, वैश्विक चीनी की कीमतें पिछले वर्ष की तुलना में करीब 15 प्रतिशत अधिक हैं। ब्राजील, जो दुनिया का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक है, वहां भी इस वर्ष अत्यधिक गर्मी और सूखे ने गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाया है। यूरोप में चुकंदर की फसल भी प्रभावित हुई है।
भारत में कमजोर मानसून से गन्ना उत्पादन पर असर
खबर में कहा कहा गया है की, भारत दुनिया में चीनी का सबसे बड़ा उपभोक्ता और दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है। देश में पिछले 11 वर्षों के सबसे कमजोर मानसून और गन्ने की कम पैदावार की आशंकाओं ने चीनी की कीमतों को बढ़ा दिया है। त्योहारों के मौसम में मिठाइयों की मांग बढ़ने से इसका असर उपभोक्ताओं पर और अधिक महसूस किया जा रहा है।इस वर्ष अल नीनो के कारण देश के कई हिस्सों में गन्ने के खेत सूखे पड़े हैं। खास बात यह है कि पिछले वर्ष इन क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश और कीटों के प्रकोप से फसलों को नुकसान हुआ था। लगातार बदलती मौसमी परिस्थितियों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बढ़ती कीमतों के बीच विरोध प्रदर्शन भी हुए हैं। केंद्र सरकार ने चीनी कारोबारियों को जमाखोरी के खिलाफ चेतावनी दी है। वहीं, भारत ने इस वर्ष चीनी आयात की अनुमति देकर एक असामान्य कदम उठाया है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों पर और दबाव पड़ने की आशंका है।
महाराष्ट्र के किसानों पर दोहरी मार
महाराष्ट्र देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में शामिल है। राज्य के मराठवाड़ा क्षेत्र में किसानों को कम बारिश और भीषण गर्मी के कारण भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मराठवाड़ा में सोयाबीन और कपास के खेतों के बीच बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती होती है। गन्ने की खेती में पानी की खपत अधिक होती है। चीनी और जैव ईंधन, दोनों क्षेत्रों में इसकी मांग के कारण किसान सिंचाई के लिए तेजी से गहरे बोरवेल पर निर्भर हो रहे हैं।मांजरा नदी पर बना बांध सूखकर नाले जैसा रह गया है और तालाबों में भी पानी नहीं बचा है।
चीनी महंगी होने से जैव ईंधन नीति पर भी असर
भारत सरकार गन्ने से एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। देश में पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (E20) को मानक ईंधन के रूप में लागू करने की नीति से चीनी उद्योग को अतिरिक्त आय का स्रोत मिला है। सरकार के अनुसार, एथेनॉल मिश्रण से तेल की मांग और प्रदूषण घटाने के साथ विदेशी मुद्रा की बचत करने में मदद मिलती है। इसे भारत के ऊर्जा परिवर्तन का एक महत्वपूर्ण आधार बताया गया है।
हालांकि, कुछ वाहन चालकों ने शिकायत की है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहनों का माइलेज कम होता है और खासकर पुराने इंजनों को नुकसान पहुंच सकता है। सरकार ने जुलाई में कहा था कि बड़े पैमाने पर इंजन खराब होने का कोई प्रमाण नहीं है, हालांकि उसने ईंधन दक्षता पर सीमित प्रभाव को स्वीकार किया था। चीनी की कीमतें बढ़ने से एथेनॉल उत्पादन के लिए मक्का और चावल पर निर्भरता भी बढ़ रही है। लेकिन गर्मी, सूखे और अल नीनो के कारण इन फसलों पर भी दबाव है। सितंबर के अंत तक देश के लगभग आधे हिस्से में सामान्य से असाधारण सूखे जैसी परिस्थितियां दर्ज की गई थीं।
आगे भी मौसम से जुड़ा जोखिम
विशेषज्ञों के अनुसार, अल नीनो का प्रभाव अगले वर्ष तक जारी रहने पर सूखे और बाढ़ जैसी चरम मौसमी घटनाओं का जोखिम बढ़ सकता है। इससे गन्ने सहित कई प्रमुख फसलों की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। भारत के सामने चुनौती केवल चीनी की कीमतों को नियंत्रित करने की नहीं है, बल्कि किसानों की आय, खाद्य महंगाई, जैव ईंधन उत्पादन और ऊर्जा सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने की भी है। वैश्विक बाजार में मौसम और भू-राजनीतिक तनाव से पैदा होने वाले झटकों के बीच कृषि आपूर्ति शृंखला की मजबूती भी एक अहम सवाल बन गई है।


















