तकनीकी नवाचार से बढ़ेगी गन्ना उद्योग की प्रतिस्पर्धा, आधुनिक तकनीक पर जोर: वियतनाम शुगर एसोसिएशन

हो ची मिन्ह सिटी: तकनीकी नवाचार और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर गन्ना उद्योग को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकता है। यह बात वियतनाम शुगर एसोसिएशन (VSSA) के अध्यक्ष नगुएन वान लोक ने हो ची मिन्ह सिटी में आयोजित सुगारेक्स वियतनाम 2026 (Sugarex Vietnam 2026) अंतरराष्ट्रीय चीनी मशीनरी एवं उपकरण प्रदर्शनी के दौरान कही।

नगुएन वान लोक ने बताया कि, कई वर्षों के पुनर्गठन प्रयासों के बाद वियतनाम का चीनी उद्योग अब मजबूती से उभर रहा है। 2024-25 पेराई सत्र तक गन्ने से चीनी उत्पादन लगातार चौथे वर्ष बढ़ा है और यह 2020-21 की तुलना में 180 प्रतिशत अधिक हो गया है। वहीं, किसानों को मिलने वाला गन्ने का खरीद मूल्य भी लगातार पांच वर्षों से बढ़ रहा है और 2019-20 की तुलना में इसमें 150 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, केवल उत्पादन और कीमतों में ही सुधार नहीं हुआ है, बल्कि चीनी मिलों और गन्ना किसानों के बीच आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) भी पहले से अधिक मजबूत हुई है। इससे देशभर के लगभग 2.20 लाख किसान परिवारों, विशेष रूप से दूरदराज, पहाड़ी और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले किसानों की आजीविका को मजबूती मिली है। लोक ने बताया कि, 2023-24 पेराई सत्र से वियतनाम प्रति इकाई क्षेत्र में चीनी उत्पादन के मामले में थाईलैंड, इंडोनेशिया और फिलीपींस जैसे प्रमुख गन्ना उत्पादक देशों से आगे निकल गया है।

उन्होंने कहा कि, सकारात्मक उपलब्धियों के बावजूद उद्योग के सामने कई चुनौतियां बनी हुई हैं। इनमें तस्करी की चीनी, व्यापारिक धोखाधड़ी, व्यापार सुरक्षा उपायों से बचने की कोशिशें और हाई फ्रक्टोज कॉर्न सिरप (HFCS) के बढ़ते आयात से घरेलू बाजार पर पड़ रहा दबाव प्रमुख हैं। नगुएन वान लोक ने कहा कि, बदलती परिस्थितियों के अनुसार उद्योग अब जल के कुशल उपयोग, अधिक उत्पादन देने वाली गन्ना किस्मों को अपनाने, उत्पादन प्रक्रिया में तकनीकी सुधार, लागत कम करने और चीनी रिकवरी बढ़ाने पर विशेष ध्यान देगा, ताकि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा मजबूत हो सके।

डिजिटल खेती और जैव ऊर्जा पर रहेगा फोकस

वियतनाम शुगरकेन रिसर्च इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. काओ आन्ह डुओंग ने कहा कि, वियतनाम के गन्ना उद्योग के लिए अब बदलाव अपरिहार्य हो गया है। उन्होंने कहा कि, गन्ने की उत्पादकता और गुणवत्ता बढ़ाना, उत्पादन लागत कम करना, कच्चे माल की स्थिर उपलब्धता सुनिश्चित करना, जलवायु परिवर्तन के अनुरूप खेती करना और कम कार्बन उत्सर्जन वाले हरित मानकों को अपनाना भविष्य में उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता तय करेगा। उन्होंने बताया कि मशीनीकरण, स्वचालन, डिजिटल परिवर्तन, भूमि और जल संसाधनों का वैज्ञानिक प्रबंधन, उप-उत्पादों का बेहतर उपयोग और जैव ऊर्जा (बायोएनर्जी) का विकास अब आधुनिक चीनी उद्योग की अनिवार्य आवश्यकता बन चुके हैं।

भारत के अनुभव से सहयोग की उम्मीद…

हो ची मिन्ह सिटी में भारत के महावाणिज्य दूत सौरभ केम्पराजू ने कहा कि, वैश्विक चीनी उद्योग तेजी से तकनीकी बदलाव के दौर से गुजर रहा है। इसमें उत्पादकता बढ़ाने, डिजिटल तकनीक, प्रिसिजन एग्रीकल्चर, टिकाऊ उत्पादन और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के प्रमुख चीनी उत्पादक और उपभोक्ता देशों में शामिल भारत के पास गन्ना खेती, कृषि मशीनीकरण, चीनी प्रसंस्करण, एथेनॉल उत्पादन, को-जनरेशन और अपशिष्ट प्रबंधन का व्यापक अनुभव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुगारेक्स वियतनाम 2026 में भारतीय कंपनियों की भागीदारी से भारत और वियतनाम के बीच चीनी प्रसंस्करण तकनीक, जैव ऊर्जा, आधुनिक कृषि, मशीनीकरण तथा अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर खुलेंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here