सतारा / खंडाला : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि, देश का किसान अब सिर्फ अन्नदाता ही नहीं, बल्कि उर्जादाता, इंधन दाता और ब्यूटेमिन दाता भी बन चुका है। आने वाले समय में किसान विमान ईंधन के साथ-साथ हाइड्रोजन ऊर्जा का भी बड़ा उत्पादक बनेगा। उन्होंने कहा कि, कृषि आधारित ऊर्जा उत्पादन से किसानों की आय बढ़ाने के साथ देश की आयात पर निर्भरता भी कम की जा सकती है। उन्होंने कहा कि, देश का किसान अक्सर कर्ज में जन्म लेता है, कर्ज में जीवन बिताता है और कर्ज में ही उसकी जिंदगी खत्म हो जाती है। पारंपरिक खेती से किसानों की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव संभव नहीं है। यदि किसान उन फसलों का उत्पादन करें जिनका देश में आयात होता है, तो उन्हें बेहतर आमदनी मिल सकती है।
खंडाला में स्थित राज क्लीन एनर्जी के 12 टीपीडी मल्टीफ़ीड संपीड़ित बायोगैस प्लांट और अनुसंधान एवं विकास सुविधा के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए गडकरी ने बताया कि, जब मक्का से एथेनॉल उत्पादन को अनुमति दी गई थी, उससे पहले मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 1800 रुपये प्रति क्विंटल था और बाजार मूल्य करीब 1200 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा था। लेकिन मक्का से एथेनॉल उत्पादन नीति लागू होने के बाद मक्का के दाम में बड़ी बढ़ोतरी हुई और किसानों को बेहतर मूल्य मिलने लगा। इससे देश के लाखोँ किसानों की आय में भी बढोतरी हुई।
उन्होंने कहा कि, देश की 12 कंपनियां अब 100 प्रतिशत एथेनॉल से चलने वाले वाहन तैयार कर चुकी हैं। साथ ही जनरेटर में भी एथेनॉल और आइसोब्यूटेन जैसे वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग को बढ़ाने की जरूरत है, क्योंकि जनरेटर के लिए डीजल की काफी खपत होती है। गडकरी ने कहा कि गन्ने का मूल्य बढ़ा है, लेकिन चीनी के दाम उसी अनुपात में नहीं बढ़े हैं। ऐसे में चीनी मिलों को उप-उत्पादों जैसे एथेनॉल, बायोफ्यूल और अन्य ऊर्जा उत्पादों पर जोर देना चाहिए। इससे किसानों और चीनी उद्योग दोनों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि, भविष्य में कृषि और ऊर्जा का यह मेल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।


















