चेन्नई: डीएमके सरकार ने गन्ना किसानों को राहत देने के लिए गन्ने का खरीद मूल्य 2,750 रुपये प्रति टन से बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रति टन कर दिया था। साथ ही किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं और वित्तीय सहायता उपाय लागू किए गए थे। यह जानकारी पूर्व डीएमके मंत्री आर. राजेंद्रन ने मंगलवार को जारी एक बयान में दी।
पांच वर्षों में विशेष प्रोत्साहन राशि में लगातार बढ़ोतरी
राजेंद्रन ने बताया कि, 2020-21 पेराई सत्र में गन्ना किसानों को 192.50 रुपये प्रति टन का विशेष प्रोत्साहन दिया गया था। इसके बाद 2021-22 और 2022-23 में यह राशि 195 रुपये प्रति टन, 2023-24 में 215 रुपये प्रति टन और 2024-25 में बढ़ाकर 349 रुपये प्रति टन कर दी गई। उन्होंने कहा कि, सरकार द्वारा विशेष प्रोत्साहन में केवल मामूली बढ़ोतरी किए जाने की खबरें भ्रामक हैं। पिछले पांच वर्षों में प्रोत्साहन राशि में 156 रुपये प्रति टन की वृद्धि हुई है, जबकि एक ही वर्ष में 134 रुपये प्रति टन से अधिक की बढ़ोतरी अभूतपूर्व है।
5.77 लाख किसानों के खातों में सीधे पहुंचे 1,094 करोड़ रुपये
राजेंद्रन के अनुसार, 2021 से 2026 के बीच राज्य सरकार ने 5,77,755 गन्ना किसानों के बैंक खातों में सीधे 1,094.27 करोड़ रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की। इसके अलावा, सहकारी और सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को 937.20 करोड़ रुपये का कार्यशील पूंजी ऋण भी उपलब्ध कराया गया,ताकि मिलें किसानों का गन्ना भुगतान समय पर कर सकें और बकाया राशि में देरी न हो।
कुल 2,031 करोड़ रुपये किसानों के हित में खर्च
उन्होंने बताया कि, पिछले पांच वर्षों में विशेष प्रोत्साहन और गन्ना बकाया के समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने कुल 2,031.47 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। राजेंद्रन ने कहा कि, डीएमके सरकार ने गन्ना किसानों के हितों की रक्षा और उनके आर्थिक कल्याण को मजबूत करने के लिए कई अन्य कदम भी उठाए हैं, जिनका उद्देश्य खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाना है।


















