नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने इस दावे को खारिज किया है कि, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा देने से देश का जल संकट और गंभीर हो रहा है।सरकार ने राज्यसभा को बताया कि, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के कच्चे माल का इस्तेमाल किया जाता है और इसमें जल स्थिरता, खाद्य सुरक्षा तथा किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए संतुलित दृष्टिकोण अपनाया गया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। सवाल में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर जल संकट से जुड़ी चिंताएं उठाई गई थीं।
मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय जैव ईंधन नीति के तहत एथेनॉल का उत्पादन गन्ने पर आधारित कच्चे माल, मक्का, खराब खाद्यान्न, टूटे चावल, मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त खाद्यान्न और अन्य स्वीकृत कृषि उत्पादों से किया जाता है। इससे किसी एक फसल पर निर्भरता कम होती है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल मिश्रण में मक्के की हिस्सेदारी ESY 2021-22 में शून्य से बढ़कर ESY 2025-26 में करीब 37 प्रतिशत हो गई है।
कम पानी वाली फसलों को बढ़ावा
मंत्री ने कहा कि, सरकार मक्का जैसी कम पानी की जरूरत वाली फसलों की ओर फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित कर रही है।उन्होंने बताया कि, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा 2024 में गठित विशेषज्ञ समिति ने इथेनॉल के लिए इस्तेमाल होने वाली विभिन्न फसलों की पानी की जरूरतों का अध्ययन किया है। कार्यक्रम को लागू करते समय समिति की सिफारिशों पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ घटक के तहत सूक्ष्म सिंचाई और ड्रिप सिंचाई के माध्यम से पानी के उपयोग की दक्षता बढ़ाई जा रही है। कई चीनी मिलें भी किसानों को पानी की बचत वाली खेती की तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।
अपशिष्ट जल प्रदूषण पर सरकार का जवाब
अपशिष्ट जल प्रदूषण से जुड़ी चिंताओं पर मंत्री ने कहा कि भट्ठी (इन्सिनरेशन बॉयलर) वाली शीरा आधारित डिस्टिलरी और अनाज आधारित डिस्टिलरी के लिए जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) प्रणाली के तहत काम करना जरूरी है।इस प्रणाली में प्रक्रिया के दौरान इस्तेमाल होने वाले पानी को रिसाइकिल किया जाता है और तरल अपशिष्ट का बाहर निकलना समाप्त किया जाता है। उन्होंने बताया कि आधुनिक एथेनॉल संयंत्रों में एक लीटर इथेनॉल के उत्पादन के लिए आमतौर पर करीब 3 से 5 लीटर प्रोसेस्ड पानी की खपत होती है।
माइलेज और वाहन की उम्र पर भी सरकार का स्पष्टीकरण
माइलेज और वाहनों की उम्र को लेकर मंत्री ने कहा कि एथेनॉल मिश्रण ESY 2013-14 में 1.53 प्रतिशत से धीरे-धीरे बढ़कर वर्तमान में 20 प्रतिशत तक पहुंचा है। यह वृद्धि नीति आयोग द्वारा वाहन निर्माताओं, तेल विपणन कंपनियों, ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI), सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) और अन्य तकनीकी संस्थानों के साथ परामर्श के बाद तैयार किए गए रोडमैप के आधार पर हुई है। उन्होंने कहा कि व्यापक प्रयोगशाला परीक्षण और मैदानी सत्यापन के बाद यह प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
मंत्री के अनुसार, ईंधन दक्षता पर ड्राइविंग आदतों, टायर के दबाव, वाहन की सर्विसिंग और एयर-कंडीशनिंग के इस्तेमाल जैसे कारकों का प्रभाव ईंधन के प्रकार की तुलना में अधिक होता है।E10 के लिए डिजाइन किए गए वाहनों में ईंधन अर्थव्यवस्था में कमी आमतौर पर 3 से 5 प्रतिशत तक सीमित रहती है, जबकि E20 में अधिक ऑक्टेन और बेहतर एंटी-नॉक प्रदर्शन होता है।मंत्री ने कहा कि वाहन निर्माताओं के सर्विस आंकड़ों में E20 ईंधन के कारण वाहन क्षति का कोई प्रमाण नहीं मिला है। एक प्रमुख चार पहिया वाहन कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 2.84 करोड़ वाहनों की सर्विस की, लेकिन E20 से संबंधित किसी नुकसान की रिपोर्ट नहीं की।उन्होंने कहा कि वाहन निर्माता मानकों के अनुरूप वाहनों पर वारंटी दायित्वों का पालन जारी रखे हुए हैं।


















