मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को राज्य सरकार की नौकरियों में अग्निवीरों को आरक्षण देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि, महाराष्ट्र के निवासी 282 नौसेना अग्निवीरों को राज्य पुलिस में कांस्टेबल के पद पर नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।फडणवीस ने कहा कि, इन कर्मियों की पहली सूची को केंद्र सरकार ने मंजूरी दी थी।
282 अग्निवीरों को पुलिस कांस्टेबल नियुक्त किया गया
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा, “अच्छी खबर! हमने राज्य मंत्रिमंडल में देश की रक्षा करने वाले अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने का निर्णय लिया था। इसके अनुसार, नियमों में आवश्यक बदलाव किए गए हैं और अब 282 अग्निवीरों की नियुक्ति को मंजूरी मिल गई है।” उन्होंने बताया कि, केंद्र सरकार से महाराष्ट्र के निवासी 282 नौसेना अग्निवीरों की पहली सूची राज्य सरकार को प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर 150 सीमैन डेकसाइड और 132 सीमैन इंजनसाइड सहित कुल 282 अग्निवीरों को पुलिस कांस्टेबल नियुक्त किया गया है। सभी को नियुक्ति आदेश भी सौंप दिए गए हैं। फडणवीस ने नवनियुक्त कर्मियों को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
कई राज्य अग्निवीरों को नौकरी में आरक्षण देने की राह पर
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब देश के कई राज्यों ने अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने का फैसला किया है। असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य पुलिस, कमांडो बटालियन, जेल विभाग, अग्निशमन सेवाओं, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), वन रक्षक और आबकारी विभागों में कांस्टेबल तथा समकक्ष पदों पर 12 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया। यह लाभ अग्निवीर योजना के तहत सेवा देने वाले असम के स्थायी निवासियों को मिलेगा।
अग्निपथ योजना का उद्देश्य
मंत्रिमंडल की विज्ञप्ति के अनुसार, इस योजना का नाम ‘अग्निपथ’ है और इसके तहत चयनित युवाओं को ‘अग्निवीर’ कहा जाता है। इस योजना के माध्यम से देशभक्ति और उत्साह से भरे युवाओं को चार वर्षों तक सशस्त्र बलों में सेवा करने का अवसर दिया जाता है। अग्निपथ योजना का उद्देश्य सशस्त्र बलों को युवा स्वरूप प्रदान करना है। इसके तहत ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को आकर्षित करने का प्रयास किया जाता है, जो आधुनिक तकनीकी बदलावों के अनुरूप हों। सेवा पूरी करने के बाद प्रशिक्षित, अनुशासित और प्रेरित मानव संसाधन समाज में वापस लौटता है।
गुजरात में भी पूर्व अग्निवीरों की सीधी भर्ती का फैसला
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी इसी तरह का निर्णय घोषित किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व अग्निवीरों को लिखित परीक्षा के बिना गुजरात पुलिस में सीधे भर्ती किया जाएगा। इसके साथ ही इस वर्ग के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण भी जारी रहेगा।इससे पहले गुजरात सरकार ने 17 जुलाई को घोषित नियमों के तहत पूर्व अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण लागू किया था। यह आरक्षण उन पूर्व अग्निवीरों पर लागू होता है, जिन्होंने भारतीय थल सेना, नौसेना या वायु सेना में अपनी सेवा पूरी की है और जो गुजरात के मूल निवासी या स्थायी निवासी हैं। इसके लिए निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करना और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराना अनिवार्य है।


















