फिजी शुगर कॉरपोरेशन के निजीकरण का विकल्प बरकरार, सुधारों के जरिए कंपनी को मजबूत करने पर सरकार का जोर

सुवा : फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका ने कहा कि, फिजी शुगर कॉरपोरेशन (FSC) के निजीकरण का विकल्प अभी भी खुला है। हालांकि, सरकार का तत्काल ध्यान सुधारों के जरिए सरकारी स्वामित्व वाली इस कंपनी को मजबूत करने और इसे एक रणनीतिक राष्ट्रीय संपत्ति के रूप में बनाए रखने पर है। निजीकरण के समर्थकों द्वारा FSC को शेयरधारक मॉडल के तहत निजी क्षेत्र को सौंपने की मांग के बीच प्रधानमंत्री राबुका ने कहा कि प्रभावी परिचालन सुधार लागू करके कंपनी की वित्तीय स्थिति में सुधार किया जा सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि, सरकार तत्काल निजीकरण के बजाय पहले कंपनी में सुधारों को प्राथमिकता देगी।

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि, सरकार गन्ना किसानों के साथ विचार-विमर्श का दायरा उत्तरी डिवीजन तक बढ़ाएगी। इससे पहले पश्चिमी डिवीजन के गन्ना किसानों के साथ चर्चा की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि चीनी उद्योग से जुड़ी एक विशेष समिति इन बैठकों से प्राप्त सुझावों को संकलित करेगी और उसके बाद उद्योग के लिए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। राबुका ने स्वीकार किया कि पिछले कई वर्षों में चीनी उद्योग को बनाए रखने के लिए सरकारी धन का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया है। इसके कारण अन्य क्षेत्रों में निवेश सीमित रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ये बयान ऐसे समय में आए हैं जब वित्त मंत्रालय की स्थायी सचिव शिरी गौंडर ने बताया कि, FSC दिवालिया हो चुकी है और अपने कर्ज की देनदारियों को पूरा करने में सक्षम नहीं है। इससे कंपनी के सामने मौजूद गंभीर वित्तीय संकट उजागर हुआ है। स्वतंत्र विपक्षी सांसद एल्विक महाराज ने कहा कि निजीकरण अभी भी एक व्यावहारिक समाधान हो सकता है। उनके अनुसार, स्वामित्व संरचना में बदलाव के बाद चीनी उद्योग अपनी पुरानी मजबूती हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि FSC अपने संचालन के लिए सरकार की वित्तीय सहायता पर काफी हद तक निर्भर हो गई है और कंपनी को चलाए रखने के लिए सरकार ने इसमें करोड़ों डॉलर लगाए हैं।

महाराज ने एनर्जी फिजी लिमिटेड (EFL) जैसा मॉडल अपनाने का सुझाव दिया। इस मॉडल के तहत किसान चीनी मिलों को गन्ना उपलब्ध कराएं और उन्हें गन्ने की आपूर्ति के बदले तत्काल भुगतान किया जाए, न कि अगले सीजन तक इंतजार करना पड़े। उनके अनुसार, समय पर भुगतान मिलने से किसानों की नकदी स्थिति बेहतर होगी और वे अगली फसल की तैयारी एवं खेती में निवेश कर सकेंगे। कृषि, जलमार्ग और चीनी उद्योग मंत्री तोमासी तुनाबुना ने कहा कि चीनी क्षेत्र के प्रदर्शन में सुधार की काफी संभावनाएं हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसानों को गन्ना आपूर्ति के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की जरूरत है।

उन्होंने विती लेवु द्वीप की दो चीनी मिलों में पहुंचने वाले गन्ने की कम मात्रा पर चिंता जताई। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में गन्ने की आपूर्ति में वृद्धि होगी। तुनाबुना ने कहा कि कुछ निवेशकों को FSC एक आकर्षक निवेश अवसर लग सकती है, लेकिन कंपनी अभी भी गंभीर वित्तीय चुनौतियों का सामना कर रही है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here