E20 के बाद का रास्ता: भारत के एथेनॉल भविष्य पर BIEPA अध्यक्ष पुष्पिंदर सिंह की बड़ी बात

नई दिल्ली: भारत ने निर्धारित समय से पहले पूरे देश में E20 का सफल विस्तार कर लिया है। अब इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के अगले चरण के लिए E30 की स्पष्ट रोडमैप, फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों का व्यापक प्रसार, कच्चे माल (फीडस्टॉक) की मजबूत उपलब्धता और स्थिर नीतिगत समर्थन आवश्यक होगा। यह बात भारत स्वतंत्र एथेनॉल उत्पादक संघ (BIEPA) के अध्यक्ष पुष्पिंदर सिंह ने ‘चीनीमंडी ‘ को दिए एक विशेष साक्षात्कार में कही। उन्होंने कहा कि, भारत के दीर्घकालिक जैव-ईंधन (बायोफ्यूल) पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए निवेश, उत्पादन क्षमता के उपयोग और नीतिगत स्थिरता पर समान रूप से ध्यान देना होगा।

अगले पांच वर्षों में E30 बने आधार ईंधन

ChiniMandi WhatsApp Channel

पुष्पिंदर सिंह ने कहा कि, भारत की ऊर्जा सुरक्षा, विदेशी मुद्रा की बचत, किसानों की आय में वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास जैसे लाभों को देखते हुए सरकार को अगले पांच वर्षों में E30 को आधार ईंधन बनाने की रोडमैप की घोषणा करनी चाहिए। उनके अनुसार, अन्य देशों के अनुभव भी इस दिशा में आगे बढ़ने के पक्ष में हैं।

E20 के बाद नीति की प्राथमिकताएं

उन्होंने कहा कि, E20 लक्ष्य हासिल होने के बाद सरकार को तीन प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान देना चाहिए। पहला, पूरे देश में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों का तेजी से प्रसार। इसके लिए ऐसे वाहनों पर जीएसटी कम किया जाए, पंजीकरण शुल्क घटाया जाए और E85 जैसे फ्लेक्स-फ्यूल की कीमत सामान्य पेट्रोल से कम से कम 30% कम रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को आकर्षक विकल्प मिल सके।

दूसरा, व्यावसायिक और सामुदायिक रसोईघरों में एथेनॉल को खाना पकाने के ईंधन के रूप में बढ़ावा दिया जाए, जिससे एलपीजी आयात पर निर्भरता कम हो सके।तीसरा, सफल परीक्षणों के आधार पर डीजल में आइसो-ब्यूटेनॉल मिश्रण की रोडमैप को तेजी से लागू किया जाए।

फीडस्टॉक सुरक्षा सबसे बड़ी आवश्यकता

भारत में एथेनॉल उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण होगा। सिंह ने कहा कि, कृषि स्तर पर अक्षमताओं को दूर करना, बेहतर कृषि पद्धतियां अपनाना और उच्च गुणवत्ता वाले बीजों का उपयोग बढ़ाना जरूरी है।उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि, अमेरिका में मक्का की औसत पैदावार लगभग 11 क्विंटल प्रति एकड़ है, जबकि भारत में यह करीब 2.5 से 3 क्विंटल प्रति एकड़ है। इसलिए उत्पादकता और गुणवत्ता दोनों में सुधार की बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं।

उत्पादन क्षमता के उपयोग की चुनौती

हाल के वर्षों में भारत ने एथेनॉल उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय विस्तार किया है, लेकिन इसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती है।सिंह के अनुसार, एथेनॉल की मांग इतनी बढ़नी चाहिए कि सभी संयंत्र कम से कम 75% क्षमता पर संचालित हो सकें। इसके साथ ही फीडस्टॉक की पर्याप्त उपलब्धता और प्रतिस्पर्धी कीमतें सुनिश्चित हों, ताकि भारतीय इथेनॉल अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी प्रतिस्पर्धा कर सके।

BIEPA की प्रमुख प्राथमिकताएं…

BIEPA अध्यक्ष ने बताया कि संगठन की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं:

सभी एथेनॉल उत्पादकों को समान और न्यायसंगत आवंटन, ताकि किसी भी संयंत्र का निवेश एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) में न बदले।

E30 की रोडमैप की घोषणा और फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की स्वीकार्यता व उपलब्धता बढ़ाना।

डीजल में आइसो-ब्यूटेनॉल मिश्रण को सफल परीक्षणों के आधार पर लागू करना।

पड़ोसी देशों को एथेनॉल निर्यात की अनुमति देना और रासायनिक उद्योग को घरेलू इथेनॉल की बिक्री की अनुमति देना, क्योंकि वर्तमान में यह उद्योग इथेनॉल का आयात करता है।

नीति निर्माताओं के साथ लगातार संवाद

सिंह ने कहा कि, BIEPA नीति निर्माताओं के साथ नियमित बैठकें और ज्ञापन के माध्यम से संपर्क में है तथा स्वतंत्र एथेनॉल उत्पादकों की समस्याओं और समाधान संबंधी सुझाव लगातार सरकार तक पहुंचा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इन सुझावों को नीति निर्माताओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

फ्लेक्स-फ्यूल परिवर्तन के लिए उद्योग तैयार

सरकार द्वारा फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को स्वच्छ गतिशीलता (क्लीन मोबिलिटी) का महत्वपूर्ण हिस्सा बताए जाने पर सिंह ने कहा कि इथेनॉल उद्योग इस बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है।उन्होंने बताया कि, भारत की इथेनॉल उत्पादन क्षमता 2,000 करोड़ लीटर से अधिक हो चुकी है, जबकि ई20 मिश्रण के लिए लगभग 1,200 करोड़ लीटर की आवश्यकता है। मांग बढ़ने पर उत्पादन क्षमता को बहुत कम समय में और बढ़ाया जा सकता है। पिछले 3-4 वर्षों में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश इस क्षमता विस्तार का प्रमाण है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here