सुपर एल नीनो का खतरा, थाईलैंड का 2026-27 चीनी उत्पादन घटने की आशंका

बैंकॉक: थाईलैंड में संभावित ‘सुपर एल नीनो’ के कारण 2026-27 फसल वर्ष में गन्ना उत्पादन घटकर लगभग 10 करोड़ टन (100 मिलियन टन) रहने की आशंका है, जबकि पिछले सीजन में यह 10.6 करोड़ टन (106 मिलियन टन) था। यह अनुमान खोन केन शुगर इंडस्ट्री पीएलसी (KSL) ने व्यक्त किया है। प्रशांत महासागर के असामान्य रूप से गर्म तापमान से जुड़ी यह मौसमीय घटना थाईलैंड में अनियमित वर्षा और जल संकट पैदा कर सकती है, जिससे गन्ने की पैदावार और बुवाई दोनों प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

केएसएल के अध्यक्ष चालुश चिंथामिट ने सरकार से संभावित जल संकट से निपटने के लिए पहले से तैयारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि, अगले दो सप्ताह में वर्षा समाप्त होने की संभावना है, जबकि इसी समय किसान गन्ने की बुवाई शुरू करते हैं। ऐसे में खेतों को लंबे समय तक सूखे की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। थाईलैंड में 1.1 से 1.2 करोड़ राय (rai) क्षेत्र में गन्ने की खेती होती है। केएसएल ने चेतावनी दी है कि गन्ने का रकबा कम हो सकता है, क्योंकि कई किसान कसावा (टैपिओका) की खेती की ओर रुख कर सकते हैं, जिसके वर्तमान बाजार भाव अधिक आकर्षक हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ना उत्पादन में संभावित गिरावट से वैश्विक चीनी आपूर्ति पर दबाव बढ़ सकता है और अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेजी आ सकती है। केएसएल का अनुमान है कि 2027 तक वैश्विक चीनी कीमत लगभग 17 सेंट प्रति पाउंड तक पहुंच सकती है, जबकि वर्तमान में यह करीब 16 सेंट प्रति पाउंड और इससे पहले लगभग 14 सेंट प्रति पाउंड थी। चालुश चिंथामिट ने कहा कि मध्य पूर्व में लंबे समय से जारी संघर्षों के कारण तेल की कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं, जिसके चलते ब्राजील अधिक गन्ने को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत द्वारा घरेलू खपत को प्राथमिकता देने के लिए चीनी निर्यात पर लगाए गए प्रतिबंध से भी वैश्विक आपूर्ति पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।

केएसएल ने थाई चीनी उत्पादकों को सलाह दी है कि वे निर्यात की गति धीमी करें और भंडार (इन्वेंटरी) बढ़ाएं, ताकि अगले सीजन में संभावित कम उत्पादन के प्रभाव से बचा जा सके। थाईलैंड का 2026-27 चीनी पेराई सत्र दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक चलने की संभावना है। इस दौरान 57 चीनी मिलें किसानों से गन्ना खरीदकर उसका प्रसंस्करण करेंगी। सामान्यतः पेराई अभियान 100 से 130 दिनों तक चलता है। पिछले फसल वर्ष में केएसएल ने 84 लाख टन (8.4 मिलियन टन) गन्ने की खरीद की थी।

कंपनी ने यह भी बताया कि थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर तनाव कम होने के बाद साकेओ (Sa Kaeo) स्थित अपनी पांचवीं चीनी मिल को फिर से शुरू कर दिया गया है। इस संयंत्र की वार्षिक पेराई क्षमता 5 लाख से 6 लाख टन है।हालांकि, सीमा के निकट स्थित गन्ना खेतों में अविस्फोटित आयुध (Unexploded Ordnance) अब भी चिंता का विषय बना हुआ है। पूर्व के सशस्त्र संघर्षों के अवशेष किसानों और खेतों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए जोखिम पैदा कर रहे हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here