तीन चीनी मिलों पर 98 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया, अधिकारियों ने जारी किया नोटिस

मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) : जिले की तीन चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का करीब 98 करोड़ रुपये बकाया होने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। किसानों का भुगतान जल्द करने के निर्देश देते हुए जिला गन्ना अधिकारी राम किशन ने संबंधित चीनी मिल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है। वहीं, किसान संगठनों ने भी बकाया राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग तेज कर दी है। जिले की चार चीनी मिलों में से केवल रानी नांगल चीनी मिल ने किसानों का पूरा गन्ना भुगतान कर दिया है। इसके अलावा बिलारी चीनी मिल पर 25.81 करोड़ रुपये, बेलवाड़ा चीनी मिल पर 37 करोड़ रुपये और अगवानपुर चीनी मिल पर लगभग 36 करोड़ रुपये किसानों का बकाया है।

जिला गन्ना अधिकारी के अनुसार, चीनी मिलों पर कुल 925 करोड़ रुपये की देनदारी थी, जिसमें से अब तक 827 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मिलों ने लगभग 90 प्रतिशत भुगतान कर दिया है, लेकिन अभी भी करीब 10 प्रतिशत राशि किसानों को मिलनी बाकी है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के मंडलीय अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि, किसानों के गन्ना भुगतान को लेकर प्रत्येक तहसील क्षेत्र के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया है, ताकि किसानों को जल्द उनका बकाया मिल सके।

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ना उत्पादन का आकलन करने के लिए सर्वेक्षण शुरू…

इसी बीच मंडल में गन्ना उत्पादन का आकलन करने के लिए सर्वेक्षण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। पहली बार किसानों की समस्याओं के समाधान और गन्ना सर्वेक्षण को मैट्रिक प्रणाली के आधार पर किया जाएगा। सर्वेक्षण पूरी तरह जीपीएस युक्त एंड्रॉयड मशीनों के माध्यम से किया जा रहा है। मंडल कार्यालय ने किसानों को नियमों के अनुसार वेबसाइट के जरिए स्वयं घोषणापत्र भरने की सलाह दी है। सर्वेक्षण टीम में एक सरकारी गन्ना पर्यवेक्षक, समिति कर्मचारी और चीनी मिल का एक कर्मचारी शामिल रहेगा।प्रत्येक चीनी मिल क्षेत्र में 500 से 1000 हेक्टेयर तक का अस्थायी सर्किल बनाया जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि नए किसानों का पंजीकरण भी किया जाएगा और 30 सितंबर तक पंजीकृत किसानों को ही गन्ना आपूर्ति का लाभ मिल सकेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here