जयपुर: केंद्र सरकार द्वारा सितंबर तक चीनी निर्यात पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने के फैसले का राजस्थान के चीनी व्यापारियों ने स्वागत किया है। पंजाब केसरी में प्रकाशित खबर के अनुसार, व्यापारियों ने इसे घरेलू बाजार में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और कीमतों को स्थिर रखने के लिए उठाया गया समयानुकूल कदम बताया है। सीकर, श्रीगंगानगर और अजमेर के व्यापारियों का कहना है कि, इस निर्णय से देशभर में चीनी की उपलब्धता बनी रहेगी और कीमतों में अचानक बढ़ोतरी पर रोक लगेगी, खासकर शादी के सीजन और गर्मियों के दौरान जब चीनी की मांग काफी बढ़ जाती है।
सीकर के थोक और खुदरा चीनी व्यापारियों ने केंद्र सरकार के इस कदम को उपभोक्ताओं और घरेलू बाजार के हित में सराहनीय बताया। व्यापारियों का कहना है कि निर्यात रोकने से देश में चीनी का पर्याप्त भंडार बना रहेगा और कीमतें नियंत्रण में रहेंगी। उन्होंने बताया कि गर्मियों में मिठाइयों, शरबत और अन्य खाद्य पदार्थों में अधिक उपयोग के कारण चीनी की खपत बढ़ जाती है। ऐसे समय में यदि निर्यात जारी रहता तो घरेलू आपूर्ति पर दबाव पड़ सकता था और बाजार कीमतों पर असर पड़ता। स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि यह फैसला आम जनता को आर्थिक राहत देगा और बाजार में संतुलन बनाए रखने में मदद करेगा।
श्रीगंगानगर में गुड शुगर मर्चेंट्स एसोसिएशन के सदस्यों ने भी केंद्र सरकार के इस कदम का स्वागत किया। एसोसिएशन ने इस निर्णय को घरेलू उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों के लिए लाभकारी बताया। अजमेर के चीनी व्यापारियों ने भी केंद्र सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए इसे उपभोक्ताओं और बाजार दोनों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। व्यापारियों ने कहा कि सरकार के समय पर हस्तक्षेप से आने वाले महीनों में चीनी की उपलब्धता बनी रहेगी और कीमतें स्थिर रहेंगी।


















