युगांडा : अतीक शुगर फैक्ट्री में उत्पादन अब 2027 के अंत तक टला

कंपाला : अमुरु जिले में स्थित अतीक शुगर फैक्ट्री अब 2027 के अंत या 2028 की शुरुआत में उत्पादन फिर से शुरू करने की योजना बना रही है। यह फैक्ट्री अक्टूबर 2020 में शुरू हुई थी, लेकिन मार्च 2022 में अमुरु और लामवो जिलों में गन्ने की भारी कमी और बार-बार आग लगने की घटनाओं के कारण उत्पादन बंद कर देना पड़ा। यह फैक्ट्री होरयाल इन्वेस्टमेंट होल्डिंग कंपनी लिमिटेड और सरकार के साझे स्वामित्व में है, जिसमें सरकार की उगांडा डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के जरिए 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सरकार ने 108 अरब शिलिंग की वित्तीय सहायता दी, जिसके बाद 2023 के अंत में फैक्ट्री ने मशीनीकृत खेती की ओर कदम बढ़ाया। उसी साल नई सिंचाई प्रणाली, भारी ट्रक और ट्रैक्टरों की मदद से 4,000 एकड़ में गन्ने की बुआई शुरू की गई।

युगांडा डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक डॉ. पैट्रिक बिरुंगी ने उगांडा रेडियो नेटवर्क को बताया कि 2023 में 4,000 हेक्टेयर में लगाया गया गन्ना बीज उत्पादन के लिए था, जिसे अब फिर से 4,000 हेक्टेयर में रोपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि, पहली फसल उत्पादन के लिए नहीं, बल्कि बीज तैयार करने के लिए थी। जब वह तैयार हो जाए, उसे काटकर दोबारा रोपा जाएगा, जब तक फैक्ट्री चलाने के लिए पर्याप्त मात्रा में गन्ना न हो जाए। इस फैक्ट्री की प्रतिदिन 1,650 टन गन्ना पेराई की क्षमता है। डॉ. बिरुंगी के अनुसार फैक्ट्री को पूरी क्षमता से चलाने के लिए पहले करीब 20,000 एकड़ में गन्ने की खेती तैयार करनी होगी। उन्होंने कहा कि, केवल 4,000 एकड़ से दो महीने ही काम चल सकता है, उसके बाद उत्पादन रोकना पड़ेगा। उन्हें उम्मीद है कि, इस साल के अंत तक 20,000 एकड़ में गन्ने की बुआई पूरी हो जाएगी, जिससे फैक्ट्री लगातार चलाई जा सकेगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

बारिश पर निर्भरता कम करने और मौजूदा चार जलाशयों के अलावा सिंचाई का स्थायी इंतजाम करने के लिए फैक्ट्री प्रबंधन ने अक्टूबर 2024 में सरकार से नील नदी से 22 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने के लिए अतिरिक्त धन की मांग की। डॉ. बिरुंगी ने बताया कि, इस पाइपलाइन पर काम शुरू हो गया है, लेकिन पूरा ढांचा खड़ा करने के लिए और पैसों की जरूरत है। फैक्ट्री के सिंचाई निदेशक डॉ. पॉल अयेला ने बताया कि, सिंचाई परियोजना के पहले और दूसरे चरण का डिजाइन पूरा हो चुका है, जिसमें खेत के भीतर ढांचे और नील नदी तक जल आपूर्ति प्रणाली का विकास शामिल है। उन्होंने कहा कि अध्ययन और डिजाइन तैयार हैं, लेकिन अभी स्थानीय समुदायों के साथ मुआवजे को लेकर बातचीत चल रही है, क्योंकि पाइपलाइन उनकी जमीन से होकर गुजरेगी। मुआवजा, पुनर्वास योजना और साझा उपयोग पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया अभी जारी है। फिलहाल फैक्ट्री 4,000 हेक्टेयर की नई जमीन पर गन्ने का बड़े पैमाने पर रोपण कर रही है, जिसमें से 2,000 हेक्टेयर में बीज गन्ना पहले से लगाया जा चुका है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here