नई दिल्ली : भारतीय चावल के निर्यात भाव में इस सप्ताह भी तेजी जारी रही और कीमतें एक साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। आपूर्ति में कमी और सामान्य से कम बारिश के कारण गर्मियों में बोई जाने वाली फसल के उत्पादन को लेकर बढ़ती चिंताओं ने कीमतों को समर्थन दिया है। कोलकाता स्थित एक वैश्विक ट्रेडिंग कंपनी के डीलर ने हिंदू बिजनेसलाइन से कहा, बारिश की कमी बढ़ने के साथ फसल उत्पादन के अनुमानों में लगातार कटौती की जा रही है, जिससे चावल की कीमतों को समर्थन मिल रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि अगस्त में बारिश सामान्य से 16 फीसदी कम रही। इसके बाद सितंबर में भी देश में मानसूनी बारिश औसत से कम रहने की संभावना है।
भारतीय चावल की कीमतों में बढ़ोतरी
भारत के 5 फीसदी टूटे हुए उबले चावल (पारबॉयल्ड राइस) की कीमत इस सप्ताह 371-377 डॉलर प्रति टन रही, जबकि पिछले सप्ताह यह 369-375 डॉलर प्रति टन थी। वहीं, भारत के 5 फीसदी टूटे हुए सफेद चावल की कीमत 368-373 डॉलर प्रति टन रही। इस बीच, वियतनाम के 5 फीसदी टूटे हुए चावल की कीमत गुरुवार को 440-445 डॉलर प्रति टन रही। यह कीमत पिछले सप्ताह के स्तर के बराबर है।
हो ची मिन्ह सिटी स्थित एक कारोबारी ने कहा, गर्मियों और शरद ऋतु की फसल की कटाई एक सप्ताह में समाप्त हो जाएगी, जिससे घरेलू आपूर्ति घट रही है। हालांकि, मांग में भी कमी आ रही है। कारोबारी ने बताया कि फिलीपींस अपने चावल आयात में तेजी ला रहा है, लेकिन वह वियतनाम के अलावा अन्य आपूर्तिकर्ताओं से खरीदारी कर रहा है। सरकारी मीडिया ने वियतनाम फूड एसोसिएशन के हवाले से बताया कि, इस वर्ष वियतनाम का चावल निर्यात अनुमानित रूप से 77.4 लाख टन रह सकता है।
बांग्लादेश ने सुगंधित चावल के निर्यात पर लगाई सीमा
बांग्लादेश ने व्यापारियों के लिए पहले मंजूर किए गए सुगंधित चावल के निर्यात की मात्रा को आधा कर दिया है। घरेलू बाजार में ऊंची कीमतों और कीमतों में और बढ़ोतरी के जोखिम के बीच सरकार ने यह कदम उठाया है। सरकार ने पहले 45,270 टन सुगंधित चावल के निर्यात को मंजूरी दी थी, लेकिन 30 अगस्त तक केवल 2,419 टन चावल का ही निर्यात हो पाया था। संशोधित मंजूरियों के तहत अब निर्यातकों के लिए 1.60 डॉलर प्रति किलोग्राम का न्यूनतम निर्यात मूल्य, सीमा शुल्क विभाग की गुणवत्ता जांच और निर्यात से होने वाली आय को देश में वापस लाने जैसी शर्तें भी लागू की गई हैं।
थाईलैंड के चावल के भाव भी बढ़े
दूसरी ओर, थाईलैंड के 5 फीसदी टूटे हुए चावल की कीमत बढ़कर 488 डॉलर प्रति टन हो गई। पिछले सप्ताह यह 483-485 डॉलर प्रति टन के दायरे में थी। बैंकॉक स्थित एक कारोबारी ने कहा, कीमतें इसलिए बढ़ रही हैं क्योंकि उम्मीद है कि उत्पादन आगे भी कम बना रहेगा। कुल मिलाकर, भारत में कमजोर मानसून और फसल उत्पादन को लेकर चिंता के कारण चावल की आपूर्ति पर दबाव बढ़ रहा है। इसका असर घरेलू बाजार के साथ-साथ निर्यात कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है।


















