लुइसियाना: लुइसियाना राज्य के प्लाकमिन क्षेत्र में गन्ना किसानों ने 100 से 110 दिनों के गन्ना कटाई सीजन की शुरुआत कर दी है। हालांकि, इस बार किसानों पर डीजल की बढ़ती कीमतों और करीब पांच साल के निचले स्तर के आसपास चल रही चीनी कीमतों का दबाव है। बढ़ती लागत ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 17 वर्षों से प्लाकमिन में गन्ने की कटाई से जुड़े पैट्रिक फ्रिशहर्ट्ज ने बताया कि, पिछले साल की तुलना में इस वर्ष ईंधन पर होने वाला खर्च काफी बढ़ गया है।इससे खेतों से गन्ने की फसल को निकालने की कुल लागत में भी बढ़ोतरी हुई है। फ्रिशहर्ट्ज के फार्म में हर 10 दिनों में करीब 7,500 गैलन डीजल की खपत होती है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि गन्ने की कटाई के दौरान किसानों को कितनी बड़ी मात्रा में ईंधन की आवश्यकता पड़ती है।
फ्रिशहर्ट्ज अपनी गन्ने की फसल पास की कोरा टेक्सास शुगर मिल में पहुंचाते हैं। आसपास के खेतों से आने वाले ट्रक पूरे दिन गन्ने की खेप मिल तक पहुंचाते रहते हैं। बढ़ी हुई ईंधन लागत का असर गन्ने की कटाई के साथ-साथ परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। कोरा टेक्सास शुगर मिल के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) चार्ली शुडमैक ने बताया कि डीजल की कीमत करीब 5.50 डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गई है, जो पिछले साल के स्तर से लगभग दोगुनी है। मिल का अनुमान है कि पूरे सीजन के दौरान केवल गन्ने के परिवहन में ही 10 लाख गैलन से अधिक डीजल की खपत होगी। इसके अलावा गन्ने की कटाई के लिए भी लगभग 10 लाख गैलन डीजल की आवश्यकता होगी।
वर्तमान में चीनी की कीमतें करीब पांच साल के निचले स्तर के आसपास हैं। इसके साथ ही उद्योग को एक नए कीट के प्रकोप की चुनौती का भी सामना करना पड़ रहा है। शुडमैक ने कहा कि इस सीजन का वित्तीय प्रदर्शन अगले करीब 100 दिनों में कटाई किस तरह आगे बढ़ती है, इस पर काफी हद तक निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि, यदि कटाई सुचारू रूप से पूरी होती है, तो इस साल मिल का संचालन लगभग न लाभ, न नुकसान (ब्रेक-ईवन) की स्थिति में रह सकता है।ऊंची उत्पादन लागत और कमजोर चीनी कीमतों के संयोजन ने किसानों के लिए परिचालन मुनाफे की गुंजाइश काफी कम कर दी है।
फ्रिशहर्ट्ज ने कहा कि, मौजूदा सीजन में मुख्य उद्देश्य कोई महत्वपूर्ण परिचालन लाभ कमाना नहीं, बल्कि खर्चों और बकाया बिलों को पूरा करना है। हालांकि, अगले साल चीनी कीमतों को लेकर कुछ बेहतर संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। लेकिन मौजूदा गन्ना कटाई सीजन में किसान और चीनी मिलें अभी भी ऊंची ईंधन लागत, कम चीनी कीमतों और कीटों से जुड़ी चुनौतियों के दबाव में हैं।


















