अमेरिका: लुइज़ियाना में गन्ना किसानों की बढ़ी मुश्किलें, कीटों के प्रकोप और ईंधन-खाद की महंगाई से मुनाफे पर दबाव

लुइज़ियाना : लुइज़ियाना राज्य में गन्ना किसान बढ़ती उत्पादन लागत और कीटों के प्रकोप के कारण गंभीर आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। ईंधन और उर्वरकों की कीमतों में भारी वृद्धि से किसानों का मुनाफा घट रहा है। यह स्थिति ऐसे समय में सामने आई है, जब फसल की संभावनाएं शुरुआत में अच्छी दिखाई दे रही थीं। किसान एडी लुईस तृतीय लगभग 1,000 एकड़ भूमि पर गन्ने की खेती करते हैं। उनके मुताबिक, खेती का खर्च निर्धारित 10 लाख डॉलर के बजट से करीब 2 लाख डॉलर अधिक हो चुका है। पिछली सर्दियों में बजट तैयार करने के बाद से डीजल की कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं, जबकि उर्वरकों की लागत में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके अलावा, विदेशी मूल के आक्रामक पेस्ट्योर मिलीबग कीट के प्रकोप से निपटने के लिए उन्हें कीटनाशकों पर अतिरिक्त 25,000 डॉलर खर्च करने पड़ रहे हैं।

बढ़ते खर्च को नियंत्रित करने के लिए लुईस ने मजदूरी पर होने वाले खर्च में कटौती की है और कृषि उपकरणों की खरीद टाल दी है। साथ ही, वह इस बात पर भी दोबारा विचार कर रहे हैं कि कितनी कृषि भूमि पर दोबारा गन्ने की बुवाई की जाए।उनका कहना है कि शुरुआत में अच्छी दिखाई देने वाली फसल से होने वाली संभावित कमाई पर बढ़ती लागत का काफी असर पड़ा है। गन्ने और सब्जियों की खेती करने वाले 19 वर्षीय किसान रामौन फर्नांडीज भी इसी तरह की आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे है। उनका खेती का बजट 2.5 लाख डॉलर था, लेकिन खर्च लगभग 10,000 डॉलर अधिक हो चुका है।बढ़ती लागत के कारण उन्होंने कृषि ढांचे और सुविधाओं की मरम्मत टाल दी है। यदि बीज, खाद, ईंधन और अन्य कृषि सामग्रियों की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं, तो वे अधिक श्रम की आवश्यकता वाली सब्जियों की खेती भी कम कर सकते हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

एलएसयू एग्रीसेंटर के आंकड़ों के अनुसार, लुइज़ियाना में गन्ने के प्रत्यक्ष उत्पादन की लागत जनवरी में 543 डॉलर प्रति एकड़ थी, जो अगस्त तक बढ़कर 643 डॉलर प्रति एकड़ हो गई। राज्य के कृषि अर्थशास्त्रियों के मुताबिक, ईंधन और उर्वरकों की बढ़ती कीमतें किसानों के खर्च में इजाफा कर रही हैं। रिपोर्ट में इन लागतों पर ईरान युद्ध से जुड़े प्रभावों का भी उल्लेख किया गया है। उत्पादन लागत में यह वृद्धि फसल की कीमतों में सुधार से मिलने वाले लाभ पर भारी पड़ रही है। लुइज़ियाना के किसान केवल महंगे कृषि इनपुट से ही परेशान नहीं हैं, बल्कि उन्हें सूखे और सिंचाई की बढ़ती लागत का भी सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, ग्रामीण इलाकों में औद्योगिक परियोजनाओं का विस्तार होने से कृषि भूमि की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बढ़ रही है। इससे किसानों के लिए भविष्य की खेती की योजना बनाना और भी कठिन हो रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here